खूंटी में बेटे की हत्या का खुलासा, पिता गिरफ्तार, 36 घंटे में सुलझी गुत्थी

खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र में सांदिर मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता मुंडला मुंडा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 36 घंटे में केस का खुलासा हुआ।

News Saga Desk

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में बेटे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कर्रा थाना क्षेत्र के बरांगों गांव में हुई हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक के पिता मुंडला मुंडा (57) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पिता-पुत्र के बीच विवाद बना हत्या की वजह

तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विजय कुमार सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक सांदिर मुंडा अक्सर अपने पिता के साथ मारपीट करता था। 25 अक्टूबर को भी वह अपने पिता के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर मुंडला मुंडा ने पास में रखी दौली से बेटे के सिर पर वार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, सिर पर गंभीर चोट लगने के बावजूद सांदिर मुंडा घर से निकलकर पंडरा परसा टोली के पास स्थित जंगल की ओर चला गया। वहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। 26 अक्टूबर को पुलिस ने जंगल से उसका शव बरामद किया था।

विशेष टीम ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने जांच और छापेमारी के बाद आरोपी मुंडला मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर परशुराम पासवान, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार तथा पुलिस अवर निरीक्षक अरविन्द कुमार, बीरबल करमाली और जितेंद्र राम शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Read More News

Read More