रामगढ़ जिले के युवा पहलवान हिमांशु कुमार ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के अंडर-17 ओपन वर्ग (52 किग्रा) में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। पढ़ें पूरी खबर।
झारखंड के रामगढ़ जिले के चुंबा गांव निवासी युवा पहलवान हिमांशु कुमार ने अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय पटल पर राज्य का मान बढ़ाया है। हरियाणा के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के अंडर-17 ओपन वर्ग में हिमांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल के कड़े मुकाबले में उन्होंने मेजबान हरियाणा के पहलवान को धूल चटाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस बड़ी कामयाबी के बाद उनके गृह जिले रामगढ़ और चुंबा गांव सहित पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
एशियन चैंपियनशिप ट्रायल और खेलो इंडिया पर निगाहें
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचने वाले हिमांशु का अगला बड़ा लक्ष्य जूनियर रेसलिंग एशियन चैंपियनशिप का ट्रायल है। इस राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया में सफल होने पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहराने और भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हो सकता है। इसके अतिरिक्त, वह आगामी खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी झारखंड की ओर से दम दिखाने की जोरदार तैयारियों में जुटे हुए हैं। इससे पहले भी वह झारखंड खेलो प्रतियोगिता में रजत पदक और प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बेहतरीन खेल क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं।
स्कूल शिक्षक से सीखी कुश्ती, डोजो में बहा रहे पसीना
ग्रेट यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, चुंबा में दसवीं कक्षा के छात्र हिमांशु ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने स्कूल के शिक्षक बबलू सर को दिया है। उन्होंने बताया कि कुश्ती के बुनियादी गुर और बारीकियां उन्हें बबलू सर से ही सीखने को मिलीं। वर्तमान में वह कुजू स्थित ‘द चैंपियंस डोजो’ में नियमित रूप से कठिन अभ्यास और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
हिमांशु के पिता उमेश महतो एक ठेकेदार (कॉन्ट्रैक्टर) हैं और मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अटूट लगन, कड़े परिश्रम और निरंतर अभ्यास के दम पर हिमांशु ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों को पूरी उम्मीद है कि हिमांशु आगामी एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल और खेलो इंडिया में भी अपने प्रदर्शन से देश व राज्य को गौरवान्वित करेंगे।
No Comment! Be the first one.