1K का मतलब क्या होता है, सोशल मीडिया पर हजार के लिए K क्यों लिखते हैं, जानिए

आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाला शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जिसने 1K, 10K या 100K जैसे शब्द न देखे हों। इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स हों, यूट्यूब पर वीडियो के व्यूज या फेसबुक पर लाइक्स, हर जगह K का इस्तेमाल आम हो चुका है।

NEWS SAGA DESK

आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाला शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जिसने 1K, 10K या 100K जैसे शब्द न देखे हों। इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स हों, यूट्यूब पर वीडियो के व्यूज या फेसबुक पर लाइक्स, हर जगह K का इस्तेमाल आम हो चुका है। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि आखिर हजार की संख्या को बताने के लिए अंग्रेजी के अक्षर K का ही इस्तेमाल क्यों किया जाता है? इसके पीछे भाषा, विज्ञान और कंप्यूटर तकनीक से जुड़ी एक दिलचस्प कहानी है।

K का हजार से क्या है संबंध?

दरअसल, K का कनेक्शन प्राचीन ग्रीक भाषा से जुड़ा हुआ है। ग्रीक भाषा में हजार के लिए ‘खिलियोई’ (Chilioi) शब्द का इस्तेमाल होता था। इसी शब्द से आगे चलकर ‘किलो’ शब्द विकसित हुआ। साल 1795 में फ्रांस में मीट्रिक प्रणाली को अपनाया गया, जिसके तहत किलो को हजार गुना दर्शाने वाली इकाई के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा। यही वजह है कि आज भी किलोग्राम का मतलब एक हजार ग्राम और किलोमीटर का मतलब एक हजार मीटर होता है। इसी किलो शब्द के शुरुआती अक्षर K ने हजार को दर्शाने की पहचान बना ली।

कंप्यूटर की दुनिया ने K को बनाया लोकप्रिय

K के इस्तेमाल को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में कंप्यूटर और तकनीक की बड़ी भूमिका रही है। कंप्यूटर की शुरुआती दुनिया में डेटा स्टोरेज को मापने के लिए किलोबाइट (KB) शब्द का इस्तेमाल किया जाने लगा। कंप्यूटिंग के शुरुआती दौर में 1024 बाइट्स को एक किलोबाइट के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। इसकी वजह बाइनरी सिस्टम था, जिसमें 1024 का विशेष महत्व है। हालांकि, तकनीकी रूप से 1000 बाइट्स और 1024 बाइट्स के लिए अब अलग-अलग मानक इस्तेमाल किए जाते हैं। धीरे-धीरे K का इस्तेमाल डिजिटल कम्युनिकेशन में भी बढ़ता गया। इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के विस्तार के साथ यह संख्या लिखने का एक आसान तरीका बन गया।

सोशल मीडिया पर कैसे शुरू हुआ K का ट्रेंड?

यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म ने K को आम लोगों के बीच और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया। उदाहरण के तौर पर 1,000 फॉलोअर्स को 1K, 10,000 को 10K और 1,00,000 को 100K के रूप में दिखाया जाने लगा। इससे बड़ी संख्याओं को कम जगह में दिखाना आसान हो गया। यूजर्स को भी लंबे अंकों की जगह छोटे और सरल फॉर्मेट में आंकड़े समझने में सुविधा मिलने लगी।

1K, 10K और 1M का मतलब भी जान लीजिए

डिजिटल दुनिया में इस्तेमाल होने वाले इन शॉर्ट फॉर्म का मतलब समझना भी काफी आसान है।

  • 1K = 1,000 यानी एक हजार
  • 10K = 10,000 यानी दस हजार
  • 100K = 1,00,000 यानी एक लाख
  • 500K = 5,00,000 यानी पांच लाख
  • 1M = 10,00,000 यानी दस लाख
  • 1B = 1,00,00,00,000 यानी एक अरब

Read More News

बिहार कॉलेज वेदर अपडेट/सैलरी रूल्स: अब ट्रेजरी से सीधे बैंक खाते में आएगी प्रोफेसरों की तनख्वाह

बिहार के सरकारी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया बदलने जा रही है।...

Read More