उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलिकॉप्टर के लापता होने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, बद्रीनाथ धाम से फाटा की ओर जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
NEWS SAGA DESK
उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलिकॉप्टर के लापता होने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, बद्रीनाथ धाम से फाटा की ओर जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि हेलिकॉप्टर हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के आसपास हादसे का शिकार हुआ है। हालांकि, अब तक न तो हेलिकॉप्टर का मलबा मिला है और न ही उसमें सवार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो पाई है।
लोकेशन गायब होते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच के दुर्गम पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। खोजबीन में दो अन्य हेलिकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है। टीमें संभावित दुर्घटनास्थल का पता लगाने में जुटी हैं।
हेलिकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार
पैसेंजर मैनिफेस्ट के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग मौजूद थे। यात्रियों में चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के नाम शामिल बताए गए हैं। फिलहाल किसी के सुरक्षित होने या घायल होने को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खराब मौसम बना रेस्क्यू में बाधा
हादसे की आशंका वाले क्षेत्र में बारिश और घने बादलों के कारण दृश्यता कम है। पहाड़ी इलाका होने के साथ मौसम खराब रहने से बचाव दल को तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता हेलिकॉप्टर का पता लगाना और उसमें सवार लोगों तक पहुंचना है।
अक्टूबर में भी हुई थीं इमरजेंसी लैंडिंग
गौरतलब है कि अक्टूबर में चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं भी सामने आई थीं। एक घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम और दूसरी टिहरी में तकनीकी खराबी से जुड़ी बताई गई थी। फिलहाल चमोली में लापता हेलिकॉप्टर की तलाश जारी है।
No Comment! Be the first one.