अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो इस सप्ताह बैंक जाने से पहले छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें।
NEWS SAGA DESK
अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो इस सप्ताह बैंक जाने से पहले छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें। नवंबर के दूसरे सप्ताह में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक शाखाएं कई दिनों तक बंद रहने वाली हैं। कुछ स्थानों पर पूरे सप्ताह में छह दिन तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, 9 से 15 नवंबर के बीच दिवाली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और अन्य क्षेत्रीय त्योहारों के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियों का असर बैंकिंग कामकाज पर पड़ेगा। हालांकि, सभी राज्यों में एक जैसी छुट्टियां नहीं रहेंगी। अलग-अलग शहरों में त्योहारों के हिसाब से बैंक बंद रहेंगे।
9 से 15 नवंबर तक कब-कब बंद रहेंगे बैंक
9 नवंबर, सोमवार: दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, गुवाहाटी, इम्फाल, जयपुर, कानपुर, लखनऊ और रायपुर सहित कई शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
10 नवंबर, मंगलवार: बलि प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, विक्रम संवत नववर्ष और लक्ष्मी पूजा के कारण अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंकिंग कामकाज नहीं होगा।
11 नवंबर, बुधवार: भैया दूज यानी भ्रातृ द्वितीया, निंगोल चक्कौबा और चित्रगुप्त जयंती के चलते गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में बैंक बंद रहेंगे।
12 नवंबर, गुरुवार: इस दिन RBI के कैलेंडर में कोई निर्धारित क्षेत्रीय या राष्ट्रीय बैंक अवकाश नहीं है। ऐसे में देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। ग्राहक इस दिन अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकते हैं।
13 नवंबर, शुक्रवार: मेघालय के प्रमुख त्योहार वांगला फेस्टिवल के कारण शिलांग में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी।
14 नवंबर, शनिवार: महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण देशभर में सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंक बंद रहेंगे। RBI के नियमों के अनुसार प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंकिंग अवकाश रहता है।
15 नवंबर, रविवार: साप्ताहिक अवकाश के चलते पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
बैंक बंद होने पर भी जारी रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं
त्योहारों और साप्ताहिक छुट्टियों के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सुविधा मिलती रहेगी। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए पैसों का लेन-देन किया जा सकेगा। Google Pay, PhonePe और अन्य UPI ऐप के माध्यम से भुगतान और फंड ट्रांसफर जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा एटीएम से नकदी निकालने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसलिए अगर आपको चेक जमा करने, बैंक दस्तावेजों से जुड़े काम या शाखा में जाकर कोई जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी है, तो अपने शहर की छुट्टियों की सूची देखकर ही बैंक जाने की योजना बनाएं। ध्यान रखें कि बैंक की छुट्टियां राज्य और शहर के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं।
No Comment! Be the first one.