जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से रांची के कोकर स्थित शहीद स्थल तक 73 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली। खूंटी से रांची तक पदयात्रा का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।
News Saga Desk
रांची। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की झारखंड प्रदेश इकाई द्वारा 73 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जा रही है। यह पदयात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिले के उलिहातू से शुरू होकर रांची के कोकर स्थित उनके शहीद स्थल तक जाएगी।
शुक्रवार को उलिहातू से शुरू हुई इस पदयात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों ने भी हिस्सा लिया। शनिवार को पदयात्रा खूंटी से रांची के लिए रवाना हुई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पदयात्रा का नेतृत्व किया।
पदयात्रा के दौरान बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा ने ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया और भाजपा ही राज्य के विकास एवं जनजातीय समाज के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि यह पहल जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान के प्रति प्रधानमंत्री की श्रद्धा और सम्मान को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
भाजपा की इस पदयात्रा का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष की विरासत को जन-जन तक पहुंचाना तथा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पदयात्रा का समापन 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रांची के कोकर स्थित शहीद स्थल पर प्रस्तावित है।
No Comment! Be the first one.