झारखंड राज्य स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ की तैयारियों को लेकर गिरिडीह डीसी ने समीक्षा बैठक की। 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनेस’ दौड़ और खेलगाँव रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 एवं वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगाँठ के सफल और भव्य आयोजन को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) भी जुड़े। बैठक के दौरान राज्य स्तर से निर्धारित कार्यक्रमों और गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा की गई और उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
तीन स्तरों पर आयोजित होगी ‘Run For Cleanliness’ दौड़ बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, आगामी 15 नवंबर 2026 को प्रातः 07:00 बजे से 08:00 बजे तक पूरे जिले में स्वच्छता के संदेश के साथ ‘Run For Cleanliness’ (स्वच्छता के लिए दौड़) का आयोजन किया जाएगा। इस अनूठे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे जनभागीदारी से जोड़ना है।
- जिला स्तर पर: बड़ा चौक से शास्त्री नगर तक लगभग एक किलोमीटर लंबी दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
- प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर: चयनित महत्वपूर्ण स्थलों से भी एक किलोमीटर की दौड़ निकाली जाएगी। इस दौरान संबंधित स्थलों पर विशेष स्वच्छता गतिविधियां भी चलाई जाएंगी और #SwachhJharkhandViksitJharkhand का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
17 से 25 नवंबर तक होंगी विभिन्न रचनात्मक और खेलकूद प्रतियोगिताएं स्थापना दिवस समारोह को व्यापक रूप देने के लिए 17 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी रचनात्मक व सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल हैं। जिला स्तर पर चयनित होने वाली श्रेष्ठ प्रतिभाएँ और टीमें 26 एवं 27 नवंबर को राँची के खेलगाँव में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियाँ देंगी। इसके पश्चात, आगामी 28 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
राँची के खेलगाँव में 26 से 28 नवंबर तक लगेगा मेला-सह-प्रदर्शनी सरकार की दूसरी वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में 26 से 28 नवंबर 2026 तक राँची के खेलगाँव में भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नई तकनीकों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुँचाई जाएगी। हर जिले की ओर से एक विशेष स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें One District, One Product (ODOP), One District, One Destination तथा One District, One Economic Activity से जुड़े प्रमुख उत्पादों और आर्थिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही नवाचार (Innovation) पर आधारित स्टॉल में आईटी सेवाओं, आधुनिक उपकरणों और स्पोर्ट्स अपैरल आदि को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि इनसे जनभागीदारी और स्थानीय प्रतिभाओं को वास्तविक प्रोत्साहन मिले। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त श्री विजय सिंह बिरुवा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.