नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

छठ पूजा 2026 का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओम बिरला, राजनाथ सिंह, अमित शाह और मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

News Saga Desk

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने छठ व्रतियों को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने नहाय-खाय के अवसर पर सभी व्रतियों को नमन करते हुए छठी मैया का आशीर्वाद सभी पर बने रहने की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि छठ पूजा आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महान पर्व है। भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना को समर्पित यह त्योहार भक्ति, आत्म-अनुशासन, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है। नहाय-खाय से लेकर खरना, निर्जला व्रत और अस्ताचलगामी तथा उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने तक की सभी परंपराएं जीवन में अनुशासन और धैर्य का महत्व बताती हैं।

राजनाथ सिंह और अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नहाय-खाय के अवसर पर विशेष रूप से छठ व्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, गजेन्द्र सिंह शेखावत और डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने भी छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

पीयूष गोयल ने नदी तटों पर आस्था और घरों में कद्दू-चावल की पारंपरिक महक का उल्लेख करते हुए पर्व की सांस्कृतिक विशेषताओं को रेखांकित किया। वहीं, शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक घर में खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारतीय संस्कृति की अनूठी विशेषता है कि यहां डूबते सूर्य की भी उसी श्रद्धा और सम्मान से पूजा की जाती है, जैसे उगते सूर्य की। यह परंपरा प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव और जीवन के हर चरण का सम्मान करने की सीख देती है। उन्होंने छठ महापर्व पर देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

Read More News

बिहार के बुजुर्गों को बड़ी सौगात: 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को घर मिलेगा राशन, पटना में बड़ी घोषणा

बिहार सरकार 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर बैठे राशन उपलब्ध कराएगी। पटना के ज्ञान भवन में...

Read More