झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उलिहातु में श्रद्धांजलि दी। राजकीय बिरसा महोत्सव में जनजातीय विकास, शिक्षा, रोजगार और विकसित झारखंड पर जोर दिया।
News Saga Desk
खूंटी। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी जन्मस्थली उलिहातु पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की।
बिरसा मुंडा का जीवन साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा
उलिहातु में आयोजित राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक और संगठित किया।
राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
झारखंड वीरों और बलिदानियों की भूमि
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि झारखंड वीरों और बलिदानियों की धरती है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो, चांद-भैरव और वीर बुधु भगत जैसे महान जननायकों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों का संघर्ष और बलिदान राज्य की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जाएगा।
जनजातीय गौरव दिवस से आदिवासी नायकों को मिली राष्ट्रीय पहचान
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है।
इससे नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जानने का बेहतर अवसर मिला है।
राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे, उपलब्धियों के मूल्यांकन की जरूरत
झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2000 में लंबे संघर्ष और जनआकांक्षाओं के परिणामस्वरूप झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने झारखंड के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया था।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर अब तक की उपलब्धियों का मूल्यांकन करने और भविष्य की प्राथमिकताएं तय करने की आवश्यकता है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, ताकि अलग राज्य के गठन के पीछे की जनआकांक्षाएं पूरी हो सकें।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने पर जोर
राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
इसके साथ ही विकास की प्रक्रिया में जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान का संरक्षण भी सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श केवल स्मरण तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि लोगों के कार्यों और संकल्पों में भी दिखाई देने चाहिए।
सामूहिक प्रयासों से ही विकसित झारखंड का लक्ष्य हासिल होगा और राज्य विकसित भारत 2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगा।
राज्यपाल ने छठव्रतियों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के अवसर पर सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि सूर्योपासना का यह महापर्व अब भारत की सीमाओं से आगे बढ़कर दुनिया के अनेक देशों में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है।
छठ पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक आस्था का संदेश देती है। राज्यपाल ने भगवान भास्कर और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
No Comment! Be the first one.