गिरिडीह के मधुबन में जैन श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार, दंपती की मौत और 12 घायल; दो की हालत गंभीर

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में शिखरजी से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सूरत के पति-पत्नी की मौत हो गई और करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर।

झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण निकेतन के समीप देर रात जैन श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घायलों में से दो यात्रियों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

शिखरजी यात्रा पूरी कर टाटा जा रहे थे श्रद्धालु प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात से जैन श्रद्धालुओं का एक जत्था पारसनाथ स्थित शिखरजी तीर्थस्थल के दर्शन के लिए आया था। यात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु टाटा जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर वापस गुजरात लौटना था। इसी जत्थे में शामिल यात्रियों को लेकर जा रही बस देर रात करीब 10 बजे मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने के बाद बस दूसरी दिशा में जाकर सड़क किनारे गड्ढे में एक तरफ झुककर लटक गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि कुछ श्रद्धालु खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलने में सफल रहे।

दंपती की मौत, पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान इस हादसे में सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस व अन्य वाहनों से घायलों को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को आगे के बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रद्धालुओं का करीब 10 गाड़ियों का जत्था शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहा था। इसी दौरान एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और गड्ढे में झुक गई, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Read More News

पटना में विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह, राज्यपाल और सीएम सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

बिहार की राजधानी पटना के विद्यापति भवन में महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह आयोजित...

Read More