11 साल में भी नहीं बदली झारखंड के खेल की तस्वीर, CCL की हो सकती है विदाई

झारखंड में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीयस्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से गठित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) अब खुद सवालों के घेरे में है। गठन के करीब 11 साल बाद भी संस्था अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल नहीं कर सकी है।

NEWS SAGA DESK

झारखंड में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से गठित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) अब खुद सवालों के घेरे में है। गठन के करीब 11 साल बाद भी संस्था अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल नहीं कर सकी है। नतीजा यह है कि अब राज्य सरकार इसके संचालन से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) को हटाने पर विचार कर रही है।

खेल निदेशक छवि रंजन की समीक्षा में कई गंभीर कमियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, समझौते के तहत 700 खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन वर्तमान में केंद्र में केवल 250 खिलाड़ी ही नामांकित हैं। अब तक करीब एक दशक में कुल 590 खिलाड़ियों का ही नामांकन हुआ है। हैरानी की बात यह है कि बीच में प्रशिक्षण छोड़ने वाले खिलाड़ियों का वर्षवार रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया।

स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सपना अधूरा

JSSPS के गठन के समय 36 महीने के भीतर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने का वादा किया गया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के वर्षों बाद भी विश्वविद्यालय अस्तित्व में नहीं आ सका है। इसी तरह 24 महीने में 15 खेल अकादमियां शुरू करने का लक्ष्य था, जबकि अब तक केवल 14 अकादमियां ही संचालित हो पाई हैं।

CCL के जवाब से सरकार संतुष्ट नहीं

अकादमियों और नामांकन में देरी के लिए CCL ने हॉस्टल की सीमित क्षमता, कोरोना महामारी और भर्ती नियमों में बदलाव जैसे कारण गिनाए। हालांकि, खेल विभाग ने इन दलीलों को संतोषजनक नहीं माना है। ऐसे में संचालन की जिम्मेदारी राज्य सरकार अपने हाथों में ले सकती है।

CAG रिपोर्ट में भी उठे थे सवाल

JSSPS के वित्तीय प्रबंधन पर CAG ने भी सवाल उठाए थे। रिपोर्ट संख्या 6/2025 के अनुसार, 2021-22 में खर्च हुए 11.52 करोड़ रुपये में से केवल 4.35 करोड़ रुपये खेल गतिविधियों पर खर्च किए गए। शेष राशि प्रशासनिक, स्थापना और मरम्मत कार्यों में लगी।

Read More News

कार्तिक पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर सुल्तानगंज के बाबा अजगैबीनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा...

Read More