जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार तड़के भीषण आग लगने से चार रिहायशी मकान जलकर राख हो गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन चार परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
News Saga Desk
रामबन: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की ठाठा गनोत तहसील के भट्टी इलाके में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार रिहायशी मकान इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चार परिवारों के मकान आग की चपेट में
आग से प्रभावित मकान मालिकों की पहचान बशीर अहमद पुत्र इलम दीन, फिरदौस अहमद पुत्र बशीर अहमद, मोहम्मद इसराइल पुत्र इलम दीन और इम्तियाज अहमद पुत्र बशीर अहमद के रूप में हुई है। सभी ठाठा गनोत गांव के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, एसडीआरएफ रामबन और सिविल क्यूआरटी की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दलों ने आग पर काबू पाने और आसपास के मकानों को सुरक्षित रखने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
डीसी और एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनन्या सिन्हा भी पुलिस एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।
No Comment! Be the first one.