व्हाट्सऐप पर Universal Subsidy Scheme 2026 के तहत 30,000 रुपये मिलने का दावा पूरी तरह फर्जी है। भारत सरकार ने ऐसी कोई योजना घोषित नहीं की है। संदिग्ध लिंक से बचें और जानें साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके। पढ़ें पूरी खबर।
यदि आपके व्हाट्सऐप पर भी ऐसा कोई संदेश आया है जिसमें ‘Government Universal Subsidy Program 2026’ या ‘Universal Subsidy Scheme 2026’ के नाम पर प्रत्येक नागरिक को 30,000 रुपये देने का दावा किया जा रहा है, तो सतर्क हो जाइए। यह दावा पूरी तरह फर्जी है और इसके साथ भेजा गया लिंक आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकता है। भारत सरकार की ओर से ऐसी किसी योजना या सब्सिडी का कोई ऐलान नहीं किया गया है।
व्हाट्सऐप पर क्या चल रहा है? इन दिनों व्हाट्सऐप पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ‘Government Universal Subsidy Program 2026’ का हवाला देते हुए दावा किया जा रहा है कि देश के हर नागरिक को 30,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इस मैसेज के साथ एक संदिग्ध लिंक भी जोड़ा गया है और लोगों को तुरंत इस लिंक के माध्यम से आवेदन करने के लिए उकसाया जा रहा है। पहली नजर में यह संदेश किसी बड़े सरकारी लाभ जैसा प्रतीत हो सकता है, लेकिन हकीकत में इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
सब्सिडी मिलेगी या खाता होगा खाली? जब भारत सरकार ने ऐसी किसी योजना की घोषणा ही नहीं की है, तो इस फर्जी दावे के साथ संदिग्ध लिंक भेजने के पीछे असली मंशा क्या है? दरअसल, ऐसे अनजान और संदिग्ध लिंक के जरिए लोगों से उनकी निजी जानकारी और बैंक विवरण मांगे जाते हैं। यदि कोई व्यक्ति इस झांसे में आकर संदिग्ध लिंक पर क्लिक करता है और अपनी पर्सनल या बैंकिंग डिटेल्स दर्ज कर देता है, तो 30,000 रुपये मिलने के बजाय उसे बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
खुद को और दूसरों को साइबर ठगी से कैसे बचाएं? यदि आपके फोन में भी व्हाट्सऐप के जरिए ऐसा कोई मैसेज आया है, तो सबसे पहले उस संदिग्ध लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें और अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान वेबसाइट या लिंक पर साझा न करें। साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
- किसी भी सरकारी योजना या आर्थिक सहायता से जुड़े दावे की सच्चाई हमेशा आधिकारिक सरकारी माध्यमों से ही जांचें।
- बिना पुष्टि किए ऐसे संदिग्ध या फर्जी संदेशों को आगे फॉरवर्ड न करें, अन्यथा आपके परिचित और रिश्तेदार भी धोखे का शिकार हो सकते हैं।
- यदि कोई संदिग्ध लिंक दिखाई दे, तो उसे वहीं अनदेखा करें और अपना निजी डेटा व बैंक खाते सुरक्षित रखें।
मुफ्त में 30,000 रुपये मिलने के प्रलोभन में आकर किसी अनजान लिंक पर भरोसा करना आपको बड़ी परेशानी में डाल सकता है। इसलिए सावधान रहें, अपनी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें और बिना जांच-परख के कोई भी मैसेज आगे न बढ़ाएं।
No Comment! Be the first one.