ndian Railways ने कोहरे के कारण 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द कीं। राजधानी सहित कई ट्रेनों के फेरे भी घटाए गए
News Saga Desk
सर्दियों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेल मंत्रालय ने फॉग सीजन 2026-27 के लिए कई ट्रेनों का परिचालन रद्द करने और कुछ ट्रेनों की साप्ताहिक आवृत्ति कम करने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले का असर बिहार से दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। पूर्णिया कोर्ट से सहरसा के रास्ते अमृतसर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस भी रद्द की जाने वाली ट्रेनों की सूची में शामिल है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वतीचंद्र के अनुसार, कोहरे के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन में किए गए ये बदलाव 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेंगे।
जनसेवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, फॉग सीजन के दौरान कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इनमें कामाख्या-गया एक्सप्रेस (15620/15619), बरौनी-अम्बाला एक्सप्रेस (14523/14524), पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (14617/14618), कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस (15621/15622), मालदा-नई दिल्ली एक्सप्रेस (14003/14004) और डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं।
इन ट्रेनों के रद्द होने से बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के फेरे घटाए गए
घने कोहरे के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों की साप्ताहिक आवृत्ति में भी कटौती की है। इनमें ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123/11124), आनंद विहार-भागलपुर एक्सप्रेस (22406/22405), पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस (15033/15034), पाटलिपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस (15079/15080) और कामाख्या-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस (12505/12506) शामिल हैं।
ये ट्रेनें फॉग सीजन के दौरान सप्ताह के कुछ निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी। हालांकि, किन-किन तारीखों को इनका परिचालन प्रभावित होगा, इसकी जानकारी यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक समय-सारणी से प्राप्त करनी होगी।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि दिसंबर से फरवरी के बीच यात्रा की योजना बनाते समय अपनी ट्रेन की परिचालन स्थिति अवश्य जांच लें। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। कोहरे के मौसम में रेल परिचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे ने यह फैसला लिया है।
No Comment! Be the first one.