News Saga Desk
रामगढ़: जिले की चूटूपालू घाटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक कंटेनर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का चालक केबिन में ही फंस गया और वाहन में आग लग गई। आग की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद चूटूपालू घाटी में करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चूटूपालू घाटी में तीखे मोड़ और ढलान के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।
फिलहाल पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
No Comment! Be the first one.