लातेहार में ACB का एक्शन, रिश्वतखोर अमीन गिरफ्तार

News Saga Desk

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पलामू प्रमंडल की टीम ने शुक्रवार को बड़ी करवाई करते हुए लातेहार जिले के गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अनुबंध पर पदस्थापित अमीन मुनिदेव सिंह को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। करवाई के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जमीन का काम आगे बढ़ाने के बदले मांगे 7 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार, आरोपी अमीन ने एक व्यक्ति से उसके जमीन से जुड़े कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में 7 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय इसकी लिखित शिकायत एसीबी पलामू प्रमंडल कार्यालय में दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बिना पैसे दिए उसका काम नहीं किया जा रहा था।

मामले की पुष्टि होते ही टीम ने विशेष अभियान चलाया

शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की। आरोप सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत वादी को आरोपी को तय राशि देने के लिए कहा गया। जैसे ही अमीन मुनिदेव सिंह ने 7 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू

गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इस करवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, इससे आम लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान को लेकर भरोसा भी बढ़ा है।

Read More News

महाशिवरात्रि से पहले देवघर में निभी परंपरा, बाबा बैद्यनाथ और पार्वती मंदिर से उतारे गए पंचशूल

देवघर: महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा बैद्यनाथ धाम में प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया गया। शुक्रवार...

Read More