बड़ाजामदा में रेलवे जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, दुकानदारों को मिला अल्टीमेटम

News Saga Desk

चक्रधरपुर रेल मंडल के बड़ाजामदा क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने इससे पहले दुकानदारों को नोटिस जारी कर अतिक्रमित जगह खाली करने का निर्देश दिया था, लेकिन नोटिस का पालन नहीं किए जाने पर अब सख्ती बरती जा रही है।

रेलवे ने मानवीय आधार पर दुकानदारों को एक से दो दिन का अतिरिक्त समय देते हुए जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। रेलवे की इस कार्रवाई के बाद दुकानदार अपनी दुकानों से सामान और अन्य सामग्री हटाने में जुट गए हैं।

दुकानदारों का कहना है कि ठंड के मौसम के कारण सामान हटाने में उन्हें परेशानी हो रही है। उनका तर्क है कि अचानक दुकानें हटाए जाने से उनकी आजीविका पर असर पड़ेगा, इसलिए रेल प्रशासन को एक-दो दिन का समय और बढ़ाना चाहिए। हालांकि दुकानदारों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे रेलवे के आदेश का विरोध नहीं कर रहे हैं।

इस पूरे मामले पर रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि दुकानदारों की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा। फिलहाल अधिकांश दुकानदार अतिक्रमित जमीन खाली करने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं।

Read More News

Read More