PM मोदी के दौरे से पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पटना पहुंचे, मुजफ्फरपुर में करेंगे अहम बैठक

News Saga Desk

पटना। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार, 7 जुलाई को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने रेल मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पटना पहुंचने के बाद अश्विनी वैष्णव सड़क मार्ग से सीधे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गए, जहां वे रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे।

पटना एयरपोर्ट पर किया निरीक्षण

पटना आगमन के बाद रेल मंत्री ने सबसे पहले पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए जब उनसे पूछा गया कि बिहार में विकास हो रहा है या नहीं, तो उन्होंने कहा, “एयरपोर्ट देखकर ही पता लग रहा है।”

रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा बैठक

मुजफ्फरपुर में रेल मंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण करेंगे। समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम स्टेशन पर भी उनका एक कार्यक्रम निर्धारित है।

पीएम मोदी के दौरे की तैयारी में रेल मंत्री का दौरा

बताया जा रहा है कि रेल मंत्री का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को प्रस्तावित मोतिहारी दौरे की तैयारियों के तहत हो रहा है। प्रधानमंत्री इस दिन मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की जनसभा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान में लगभग 4 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है और बड़े-बड़े पंडाल बनाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस मौके पर बिहार, विशेष रूप से चंपारण के लोगों को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इससे एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


Read More News

Read More