पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर भाजपा में जश्न, रांची प्रदेश कार्यालय में मना उत्सव

News Saga Desk

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी खेमे में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। असम में भाजपा की दोबारा वापसी और पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिल रही बड़ी बढ़त ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा दिया है। वहीं पुडुचेरी में भी भाजपा के शानदार प्रदर्शन को लेकर पार्टी नेताओं और समर्थकों में खुशी देखी जा रही है।

चुनावी नतीजों के बाद रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर जीत का उत्सव मनाया। प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और रांची की महापौर रोशनी खलखो समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल को देशभर की जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भी विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करते हुए भाजपा को प्रचंड जनादेश दिया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के पिछले 12 वर्षों के कामकाज और भाजपा शासित राज्यों में तेज विकास की रफ्तार को देखते हुए बंगाल की जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया है। उनके अनुसार, यह जीत भाजपा की नीतियों और संगठन की मेहनत का परिणाम है।

इस दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और महापौर रोशनी खलखो समेत अन्य नेताओं ने भी पार्टी की जीत पर खुशी जताई। नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लंबे समय से चली आ रही वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस की राजनीति से बदलाव का रास्ता चुना है।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और नई राजनीतिक दिशा का संदेश है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने देर शाम तक प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।

Read More News

Read More