दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में साहस दिखाने वाले कैप्टन स्मित मछार की जयशंकर, नेतन्याहू, ट्रंप और आरएसएस ने सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
News Saga Desk
नई दिल्ली। दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में गंभीर संकट के दौरान 174 यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में सराहना हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके साहस को सलाम किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने भी कैप्टन स्मित की सराहना करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई इस घटना के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद की। विमान की सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। इस घटना के बाद कैप्टन स्मित की बहादुरी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।
एस. जयशंकर ने कैप्टन स्मित के साहस को सराहा
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पायलट ने असाधारण हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। उनके प्रयासों से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली।
जयशंकर ने अपने संदेश में कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी को सलाम करने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने में दुनिया भर के लोग शामिल हैं। विदेश मंत्री की यह प्रतिक्रिया घटना के बाद भारतीय पायलट के साहस के प्रति देश की ओर से व्यक्त किए गए सम्मान को दर्शाती है।
नेतन्याहू ने बताया सच्चा हीरो
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हमलावर का मुकाबला किया। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद करने का अवसर दिया।

नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन स्मित के साहस से 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली। इनमें इजरायली नागरिकों के साथ दूसरे देशों के नागरिक भी शामिल थे। उन्होंने भारतीय पायलट को सच्चा हीरो बताते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश भी दिया। हालांकि, घटना के पीछे हमलावर का वास्तविक उद्देश्य जांच का विषय बना हुआ है।
इसे भी देखे- Meerut Blue Drum Murder: मुस्कान-साहिल दोषी करार, अब 14 अक्टूबर को सजा पर फैसला
इजरायली राजदूत ने भी की सलामती की दुआ
भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने भी कैप्टन स्मित की सलामती के लिए प्रार्थना की। उन्होंने फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के भारतीय पायलट को अनुभवी और प्रतिभाशाली बताते हुए उनके साहस की सराहना की।
राजदूत ने अपने संदेश में कहा कि कैप्टन स्मित सहित यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की हिम्मत से बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाने में मदद मिली। उन्होंने घटना के दौरान इजरायली और अमीराती यात्रियों सहित विमान में मौजूद सभी लोगों के साहस का उल्लेख किया।
No Comment! Be the first one.