झारखंड में 4 जुलाई से तीन दिन तक सभी जिलों में झमाझम बारिश की चेतावनी
झारखंड के सभी जिलों में तीन दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है। बारिश चार से छह जुलाई तक होगी। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। विभाग के अनुसार बुधवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
चाईबासा में बड़ी कार्रवाई: 18,000 डेटोनेटर बरामद, बम निरोधक दस्ते ने मौके पर किया नष्ट
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसिपी गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। चाईबासा पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए लगभग 18,000 डेटोनेटर बरामद किए गए।
लड़की को छेड़ना मनचले को पड़ गया भारी, पहुंचा थाने
रामगढ़, रामगढ़ शहर के नईसराय में एक मनचले को नाबालिक लड़की के साथ छेड़खानी करना भारी पड़ गया। उसकी इन हरकतों से न सिर्फ स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की बल्कि वह हवालात की हवा भी खाने खाने पहुंच गया। रामगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नईसराय में एक स्कूल की छात्रा के साथ उसके पड़ोस का ही युवक पियूष छेड़खानी करता था।
चोरी का खुलासा, 45 मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत मऊभंडार में 11 जून की रात निदा कम्यूनिकेशन में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मंगलवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 45 चोरी के मोबाइल फोन और नकद 25 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
डिजिटल इंडिया 140 करोड़ देशवासियों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है : बाबूलाल
रांची, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता के परिणामस्वरूप आज डिजिटल इंडिया 140 करोड़ देशवासियों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
मरांडी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि बैंकिंग, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में इसका व्यापक और क्रांतिकारी प्रभाव देखने को मिल रहा है। सस्ती और सहज इंटरनेट सुविधा ने आम जन तक अनेक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की है।
मुख्यमंत्री ने डॉक्टर्स डे पर डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई
रांची, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर सभी डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर मंगलवार को लिखा है कि आपका समर्पण, मेहनत और सेवाभाव हमारे समाज को स्वस्थ, खुशहाल और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आपने हर विपदा, हर परिस्थिति में अपने ज्ञान और कौशल से लोगों की रक्षा की है, उन्हें स्वस्थ रखा है। आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार।
रिश्वत लेते सीएचसी प्रभारी गिरफ्तार
हजारीबाग, हजारीबाग के चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सतीश कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो( एसीबी) ने मंगलवार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ममता वाहन सेवा के संचालक उज्ज्वल सिन्हा ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। डॉक्टर ने उनके 25,000 रुपये के बकाया बिलों पर हस्ताक्षर करने के लिए 3,000 रुपये की मांग की थी। एसीबी ने पहले मामले की गोपनीय जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की।
खेल घोटाला के आरोपित पीसी मिश्रा नहीं जा सकेंगे यूरोप, याचिका खारिज
रांची, रांची पीएमएलए की विशेष कोर्ट ने 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के आरोपित पूर्व खेल निदेशक पीसी मिश्रा की पासपोर्ट रिलीज करने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट के पासपोर्ट रिलीज नहीं करने का आदेश पारित होने के बाद अब पीसी मिश्रा विदेश यात्रा नहीं कर पाएंगे।
चेंबर की 14वीं कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, आम सभा 27 को
पश्चिम सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 14वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को एक स्थानीय रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 27 जुलाई को वार्षिक आम सभा आयोजित करने की घोषणा की गई।
बीकेबी मेमोरियल पब्लिक स्कूल को गोद लेंगे सेवानिवृत्त आईजी
खूंटी, बिहार के सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक और भागलपुर में संग्रहालय का संचालन करने वाले प्रांतोष कुमार दास तोरपा प्रखंड मुख्यालय में संचालित बीकेबी मेमोरियल पब्लिक स्कूल को गोद लेंगे। साथ ही विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग देंगे। यह घोषणा उन्होंने मंगलवार को स्कूल प्रांगण में की।