प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और स्वास्थ्य विभागों के प्रयासों ने भारत को टीबी उन्मूलन में ‘अग्रणी’ बना दिया है : जेपी नड्डा
News Saga Desk नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवसीय सघन अभियान के लिए संबंधित मंत्रालयों के साथ संयुक्त रणनीति बैठक की अध्यक्षता की। विज्ञान भवन में आयोजित टीबी मुक्त भारत अभियान की बैठक में संबंधित 21 मंत्रालयों के सचिव औऱ अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जन भागीदारी की भावना के साथ 100 दिवसीय सघन अभियान टीबी उन्मूलन के लिए एकजुट दृष्टिकोण का उदाहरण है, जिसमें विविध हितधारकों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सतत भागीदारी, सक्रिय भागीदारी और राष्ट्रव्यापी प्रतिबद्धता आवश्यक है। अभियान के पहले 30 दिनों में 2 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई। इनमें से 1.48 लाख नए टीबी मामलों की पहचान की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और स्वास्थ्य विभागों के प्रयासों ने भारत को टीबी उन्मूलन में ‘अग्रणी’ बना दिया है। उल्लेखनीय है कि 7 दिसंबर, 2024 को भारत क्षय रोग (टीबी) को समाप्त करने की दिशा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा हरियाणा के पंचकूला में महत्वाकांक्षी 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया था। इस बैठक में शामिल होने वाले सदस्यों में श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी, जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा आयुष मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल थे। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय सहित भारत सरकार के मंत्रालयों के सचिवों ने भी भाग लिया तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्रालय, भारी उद्योग एवं इस्पात, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय मामले, आयुष, पंचायती राज, शिक्षा, कोयला, रेलवे, खान, संस्कृति और सार्वजनिक उद्यम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक में जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक 2030 के लक्ष्यों से बहुत पहले ही 2025 तक देश से टीबी को खत्म करने का आह्वान किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि “भारत में टीबी के मामलों में 17.7 प्रतिशत की कमी आई है, जो वैश्विक कमी से लगभग दोगुनी है। उपचार कवरेज 53 प्रतिशत से बढ़कर 85 प्रतिशत हो गया है, जबकि टीबी के कारण होने वाली मृत्यु दर में 21.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो 28 लाख से घटकर 22 लाख हो गई है।
60 किलो का केक काटकर मनाया पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जन्मदिन
News Saga Desk शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जन्मदिन सोमवार को उनके समर्थकों ने बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर के शिमला स्थित आधिकारिक आवास में 60 किलो का केक काटा गया। इस दौरान जयराम ठाकुर को सुबह से बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने जमकर पहाड़ी नाटी डालकर पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन का जश्न मनाया और बधाई दी। जयराम ठाकुर ने कहा कि अब वह सीनियर सिटीजन हो गए हैं। साथ ही उन्होंने बधाई संदेश के लिए प्रदेश भर की जनता का धन्यवाद किया। जन्मदिवस के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अब वह सीनियर सिटीजन हो गए हैं। जीवन के इस पड़ाव पर पहुंचने के लिए वह ईश्वर, देवी-देवताओं और माता-पिता का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने संघर्ष भरा जीवन जिया और उन्होंने भी अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा समाज सेवा के लिए लगाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि वह देवी देवताओं से कामना करते हैं कि जब तक जीवन है तब तक समाज सेवा में वह ऐसे ही रत रहें। जयराम ठाकुर ने प्रदेश भर से मिल रहे बधाई संदेशों के लिए प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया। प्रदेश भर से लोग बधाई दे रहे हैं। इसके लिए जनता के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह कामना करते हैं जनता का आशीर्वाद ऐसे ही उन पर बना रहे ताकि वह देश और देश की सेवा में इसी प्रकार लगे रहें।
एनआरएमयू नेताओं ने महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र, सहायक महामंत्री बनने के बाद पहली बार जम्मू पहुंचे शिवदत्त शर्मा का हुआ स्वागत
News Saga Desk जम्मू : नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन जम्मू शाखा द्वारा आज सहायक महामंत्री बनने के बाद पहली बार जम्मू पहुंचे नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन फिरोजपुर मंडल के मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा का यूनियन के अध्यक्ष द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। वंदे भारत एक्सप्रेस से दोपहर पहुंचे शिवदत्त शर्मा का जम्मू शाखा के सदस्यों ने स्टेशन से जुलूस निकाल कर यूनियन ऑफिस तक नारेबाजी के साथ स्वागत किया। यूनियन ऑफिस पहुंचे जुलूस सभा में तब्दील हो गया। वहां मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी ने जो प्यार और विश्वास दिखाया है, उसका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कर्मियों को आ रही समस्याओं पर बात करते हुए कहा कि कोई भी कर्मचारी का काम रुकेगा नहीं। सभी के काम पहले भी हुए हैं और आगे भी होंगे। इसके बाद मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा एक प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर रेलवे महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा से मिले और एक मांग पत्र सौंपा। इसमें जम्मू डिवीजन गठन के बाद कर्मचारियों को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें रनिंग स्टाफ, ट्रैकमैन, एस एंड टी, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल सहित अन्य विभागों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे जम्मू में पानी की समस्या, सर्दियों में वैली में रह रहे कर्मचारियों की समस्याएं, जम्मू से वैली सेक्शन तक रेलवे आवासों से जुड़े विषय, और कर्मचारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग पर करीब पौन घंटे तक बातचीत हुई। महाप्रबंधक ने कहा कि जो भी मुद्दे आपने उठाए हैं, वे सभी महत्वपूर्ण हैं। मैं इन सभी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करवाने का प्रयास करूंगा। प्रतिनिधिमंडल में मंडल मंत्री शिवदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष शैंबर सिंह, शाखा सचिव राजेश शर्मा, शाखा अध्यक्ष हरपाल सिंह, शाखा उपाध्यक्ष रामपाल शर्मा, सत्यार्थ अशोक गुप्ता, अध्यक्ष पठानकोट सुरेश महाजन, मीडिया प्रभारी प्रकाश चंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व पटल पर छाई महाकुम्भ की वेबसाइट, 183 देशों के लोग ले रहें जानकारी
News Saga Desk सीएम योगी के डिजिटल महाकुम्भ के संकल्प को साकार कर रही महाकुम्भ की वेबसाइट-महाकुम्भ के करीब आते ही प्रतिदिन लाखों यूजर्स वेबसाइट पर कर रहे विजिट प्रयागराज :- मानवता की अमूर्त विरासत के रूप में प्रसिद्ध सनातन संस्कृति के सबसे बड़े मानव समागम महाकुम्भ को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों में जिज्ञासा है। अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए लोग इंटरनेट पर विभिन्न वेबसाइट्स और पोर्टल के जरिए महाकुम्भ के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं। इस जिज्ञासा का सबसे बड़ा समाधान उन्हें महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट ‘‘https://kumbh.gov.in’’पर आकर मिल रहा है। वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार 4 जनवरी तक 183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने वेबसाइट पर आकर महाकुम्भ के विषय में जानकारी हासिल की है। इन देशों में यूरोप, अमेरिका, अफ्रीका समेत सभी महाद्वीपाें के लोग शामिल हैं। प्रतिदिन लाखों यूजर्स आ रहे वेबसाइट पर महाकुम्भ की वेबसाइट को हैंडल कर रही टेक्निकल टीम के प्रतिनिधि के अनुसार 4 जनवरी तक के डाटा के अनुसार अब तक 33 लाख 5 हजार 667 यूजर्स वेबसाइट पर आ चुके हैं। ये सभी यूजर्स भारत समेत पूरी दुनिया के 183 देशों से हैं। इन 183 देशों में से भी 6206 शहरों से वेबसाइट पर लोग आए हैं और उन्होंने यहां काफी समय भी बिताया है। वेबसाइट पर आने वाले टॉप-5 देशों की बात करें तो पहला नंबर निश्चित रूप से भारत का है, जबकि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जर्मनी से भी लाखों लोग प्रतिदिन वेबसाइट पर आकर महाकुम्भ के बारे में जानकारियां जुटा रहे हैं। टेक्निकल टीम के अनुसार वेबसाइट के शुभारंभ के बाद से बड़ी संख्या में लोग वेबसाइट पर आ रहे हैं। हालांकि, जैसे-जैसे महाकुम्भ करीब आ रहा है वैसे-वैसे यूजर्स की संख्या लाखों में पहुंचती जा रही है। 6 अक्टूबर को सीएम योगी ने किया था वेबसाइट का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस महाकुम्भ को डिजिटल महाकुम्भ के रूप में प्रस्तुत कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स बनाए गए हैं। इसी में एक महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट भी है, जिसका शुभारंभ 6 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां प्रयागराज में किया था। इस वेबसाइट पर श्रद्धालुओं के लिए महाकुम्भ से सम्बंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें कुम्भ से जुड़ी परंपराओं, कुम्भ की महत्ता, आध्यात्मिक गुरुओं के साथ-साथ कुम्भ पर किए गए अध्ययन की विस्तृत जानकारियां दी गई हैं। यही नहीं, महाकुम्भ के दौरान प्रमुख आकर्षण, प्रमुख स्नान पर्व, क्या करें-क्या नहीं और कलाकृतियों को विस्तार से बताया गया है। इसके अतिरिक्त ट्रैवल और स्टे, गैलरी, क्या नया हो रहा है समेत समूचे प्रयागराज के विषय में बताया गया है।
बीजापुर में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों का वाहन ब्लास्ट में उड़ाया
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने जवानों को लेकर जा रहे वाहन को ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस हमले में दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान शहीद हो गए।
कांग्रेस ने दिल्ली में सरकार बनने पर महिलाओं को हर माह ढाई हजार रुपये देने का ऐलान किया
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिल्ली में महिला सशक्तिकरण के लिए “प्यारी दीदी योजना” लाॅन्च की।कांग्रेस ने दिल्ली में सरकार बनने पर कर्नाटक की तर्ज पर स्थानीय महिलाओं को “प्यारी दीदी योजना” के तहत ढाई हजार रुपये हर महीने देने का ऐलान किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने अमेजन-फ्लिपकार्ट के खिलाफ सीसीआई जांच से संबंधित सभी मामलों को कर्नाटक हाई कोर्ट ट्रांसफर किया
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अमेजन और फ्लिपकार्ट के खिलाफ भारतीय प्रतिस्पर्द्धा आयोग (सीसीआई) की जांच से संबंधित विभिन्न हाई कोर्ट में चल रहे मामलों को कर्नाटक हाई कोर्ट में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। साेमवार काे जस्टिस एएस ओका की अध्यक्षता वाली बेंच ने सीसीआई की याचिका पर ये आदेश जारी किया है।
आतिशी का दावा, चुनाव में हेराफेरी की कोशिश कर रही भाजपा
70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा के चुनाव फरवरी में होने की संभावना है, इससे पहले चुनाव आयोग ने सोमवार को दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इसके मुताबिक राजधानी में 1.55 करोड़ मतदाता वोट दे सकेंगे। आयोग की लिस्ट सामने आने के बाद CM आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेस की।
नमो भारत कॉरिडोर का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
News Saga Desk नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यू अशोक नगर में 13 किमी. लंबे नमो भारत ट्रेन के साहिबाबाद-न्यू अशोक नगर सेक्शन का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने नमो भारत कॉरिडोर के साहिबाबाद स्टेशन पर अधिकारियों से बात कर इसके बार में जानकारी ली। साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों और अन्य लोगों से बातचीत की। इसके अलावा पीएम ने 12,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने दिल्ली मेट्रो फेज-4 के जनकपुरी पश्चिम-कृष्णा पार्क के बीच करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत वाले दो किमी लंबे हिस्से का उद्घाटन किया। इससे पश्चिमी दिल्ली के कृष्णा पार्क, विकासपुरी और जनकपुरी के लोगों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा करीब 26 किलोमीटर लंबे रिठाला-कुंडली खंड की आधारशिला भी रखी। यह कॉरिडोर रिठाला को हरियाणा के नाथूपुर (कुंडली) से जोड़ेगा। वहीं, रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के नए अत्याधुनिक भवन की आधारशिला भी रखेंगे। इसका निर्माण करीब 185 करोड़ रुपये की लागत से होगा। वहीं, पीएम ने नई दिल्ली के रोहिणी में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के लिए नए अत्याधुनिक भवन की आधारशिला भी रखी, जिसका निर्माण लगभग 185 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। आरआरटीएस को दिल्ली के चारों और के शहरों से जोड़ा जाएगा। इससे न केवल लोगों के समय की बचत होगी बल्कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण में भी राहत मिलेगी। एनसीआर से दिल्ली में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा। मौजूदा समय में आरआरटीएस के फेज-1 में तीन कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। जिसमें से दिल्ली-मरेठ कॉरिडोर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष दो अन्य दिल्ली-अलवर और दिल्ली पानीपत कॉरिडोर पर भी जल्द काम शुरू होगा। वहीं फेज-दो में पांच कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। इस तरह से आरआरटीएस के आठ कॉरिडोर के तैयार हो जाने से दिल्ली-एनसीआर में मास ट्रांजिट सिस्टम दुनिया के अन्य शहरों से भी बड़ा हो जाएगा। दिल्ली के चारों ओर 100 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी प्रमुख शहर आरआरटीएस से जुड़ेंगे। 291 किमी की लंबाई के होंगे तीन कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर 82.15 किलोमीटर लंबा है। दिल्ली के हिस्से में 14 किलोमीटर तो यूपी के हिस्से में करीब 68 किलोमीटर है। फेज-1 में प्रस्तावित दो अन्य कॉरिडोर दिल्ली से पानीपत कॉरिडोर की लंबाई 103.02 किमी जबकि वहीं, राजस्थान के अलवर और सराय काले खां के बीच के कॉरिडोर की लंबाई 106 किमी है। दिल्ली से पानीपत और अलवर के कॉरिडोर के निर्माण हो जाने के बाद दिल्ली-एनसीआर में आरआरटीएस की सभी कॉरिडोर की कुल लंबाई 291 किमी से अधिक होगी। बताया जा रहा है कि इन दोनों कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी है। केंद्र सरकार की हरी झंडी के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों से होगी कनेक्टिविटी मौजूदा समय में दिल्ली मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां मेट्रो स्टेशन से जुड़ा हुआ है। आरआरटीएस के दो अन्य कॉरिडोर भी दिल्ली मेट्रो से जुड़ेंगे। इसमें सराय काले खां से अलवर कॉरिडोर आईएनए, मुनिरका और एयरोसिटी समेत कई मेट्रो स्टेशनों से जुड़ेगा। साथ ही पानीपत जाने वाला कॉरिडोर भी कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के साथ अन्य स्टेशन से जुड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के हिसाब से दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों के साथ आरआरटीएस कॉरिडोर जुड़ेंगे। ताकि लोगों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सके। शाम 5 बजे से हर 15 मिनट पर मिलेगी नमो भारत ट्रेन नया सेक्शन शुरू होने के बाद शाम पांच बजे से 15 मिनट के अंतराल पर नमो भारत ट्रेन जनता के लिए उपलब्ध होगी। आनंद विहार से मेरठ तक 35 मिनट व न्यू अशोक नगर से मेरठ तक 40 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली से मेरठ की दिशा में न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये व प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है।
HMPV: बेंगलुरु के अस्पताल में 8 महीने की बच्ची पॉजिटिव
News Saga Desk बेंगलुरु। चीन में फैले कोरोना जैसे वायरस का भारत में पहला केस मिला है। वायरस का नाम ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु में 8 महीने की बच्ची पॉजिटिव आई है। सैंपल की जांच बैपटिस्ट अस्पताल में की गई थी। हालांकि कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी लैब में नमूने की जांच नहीं कराई। रिपोर्ट एक निजी अस्पताल से आई है। वायरस से संक्रमित होने पर मरीजों में सर्दी और कोविड-19 जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। इनमें 2 साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। चीन में HMPV के बढ़ते मामलों के बीच भारत सरकार ने 4 जनवरी को जॉइंट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक की थी। बैठक के बाद सरकार ने कहा था कि फ्लू के मौसम को देखते हुए चीन की स्थिति असामान्य नहीं है। HMPV वायरस क्या है? HMPV एक RNA वायरस है, जो आमतौर पर सर्दी जैसे लक्षण पैदा करता है। इससे खांसी या गले में घरघराहट हो सकती है। नाक बह सकती है या गले में खराश हो सकती है। इसका जोखिम ठंड के मौसम में ज्यादा होता है। HMPV वायरस कैसे फैलता है? HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने, वायरस से संक्रमित किसी वस्तु को छूने से भी यह फैल सकता है। इसके लक्षण संक्रमित होने के बाद 3 से 5 दिनों में दिखने लगते हैं। इस वायरस के लक्षण क्या हैं? इसका सबसे कॉमन लक्षण खांसी और बुखार है। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य वायरल जैसे ही दिखते हैं, लेकिन वायरस का असर अगर ज्यादा है तो निमोनिया और ब्रोंकाइटिस होने का खतरा भी हो सकता है। क्या HMPV कोरोना वायरस की तरह है? HMPV वायरस (Paramyxoviridae Family) और कोरोना वायरस (Coronaviridae Family), दोनों अलग फैमिली का हिस्सा हैं। इसके बावजूद इनमें कई चीजें मेल खाती हैं। रेस्पिरेटरी इलनेस: दोनों वायरस मुख्य रूप से श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। ट्रांसमिशन: दोनों वायरस सांस और दूषित सतह के संपर्क से फैलते हैं। लक्षण: दोनों वायरस के लक्षण एक जैसे हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में खराश, घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ होती है। वलनरेबल ग्रुप: दोनों वायरस से सबसे अधिक खतरा बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को होता है। प्रिवेंशन: दोनों वायरस में बचाव के लिए हाथ साफ रखना, मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग महत्वपूर्ण उपाय हैं।