News Saga Desk
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को कोडिन कफ सिरप मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार का पक्ष मजबूती से रखा और विपक्ष पर तीखा हमला बोला. सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि कोडिन कफ सिरप के इस्तेमाल से उत्तर प्रदेश में एक भी मौत नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और कोई भी दोषी कानून से नहीं बचेगा.
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी के सबसे बड़े होलसेलर को 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार ने लाइसेंस जारी किया था. बाद में उसी होलसेलर को एसटीएफ ने पकड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में बार-बार ऐसे तथ्य सामने आ रहे हैं, जिनका संबंध कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं या व्यक्तियों से जुड़ता है.
सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष पर भी तंज कसते हुए कहा कि इस उम्र में व्यक्ति को सच बोलने की आदत हो जानी चाहिए, लेकिन समाजवादी पार्टी उनसे भी झूठ बुलवा देती है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए और सभी को सच बोलने का अभ्यास करना चाहिए.
सरकार की कार्रवाई की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस मामले में 79 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 225 आरोपी नामजद हैं. इनमें से 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 134 फर्मों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने यह भी बताया कि अवैध लेन-देन का मामला लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते से जुड़ा हुआ पाया गया है और पूरे प्रकरण की जांच एसटीएफ कर रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले को उत्तर प्रदेश सरकार ने अदालत में मजबूती से लड़ा और कोर्ट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, सच्चाई सामने आती जाएगी.
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सीएम योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि समय आने पर बुलडोजर एक्शन की पूरी तैयारी रहेगी और उस वक्त चिल्लाने का कोई फायदा नहीं होगा. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की नीति स्पष्ट है और अपराध के खिलाफ किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
No Comment! Be the first one.