News Saga Desk
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को ऑड्रे हाउस, रांची में आयोजित “CMS VATAVARAN रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय “Roots & Renewal: Indigenous Knowledge, Youth Voices, Planetary Stewardship” अत्यंत प्रासंगिक और समयानुकूल है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए ही पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सकता है और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को दिशा देने का एक प्रभावी साधन भी हैं। दृश्य-श्रव्य माध्यम का प्रभाव गहरा और व्यापक होता है। जब पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों को संवेदनशीलता और रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जाता है, तो उनका समाज पर स्थायी प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने झारखंड की जनजातीय परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जीवनशैली प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। जैव विविधता संरक्षण की भावना राज्य की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा रही है। उन्होंने पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के संरक्षण और प्रलेखन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, जहां का बड़ा हिस्सा वनाच्छादित है और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था का आधार है। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है, जो सतत विकास की मूल अवधारणा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “Mission LiFE – Lifestyle for Environment” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” का मंत्र भारत की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्यपाल ने युवाओं से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें।
अंत में उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, सहयोगी संस्थानों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह फिल्म फेस्टिवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी मंच साबित होगा।
No Comment! Be the first one.