NEWS SAGA DESK
सुपौल :- यह साबित हो गया है कि सपनों को उड़ान देने के लिए बड़े शहरों की नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। वीरपुर की अंकिता कुमारी और शुक्राना परवीन ने अपनी प्रतिभा और संघर्ष के दम पर यह उदाहरण पेश किया है।
पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 13 जून तक आयोजित 92वीं बिहार राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शुक्राना परवीन ने शॉटपुट प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया, जबकि अंकिता कुमारी ने रिले स्पर्धा में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। अंकिता के पिता संजय भगत किराना व्यवसाय से परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि शुक्राना के पिता ऑटो चलाकर परिवार की जिम्मेदारी निभाते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत जारी रखी।
खेलो इंडिया योजना के तहत वीरपुर स्टेडियम से शुरू हुआ उनका खेल सफर अब राज्य स्तर तक पहुंच चुका है। हाल ही में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित होने के बाद उन्हें एकलव्य संस्था के मार्गदर्शन में पेशेवर प्रशिक्षण मिला, जिसका सकारात्मक परिणाम अब प्रतियोगिताओं में दिखाई देने लगा है।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से वीरपुर सहित पूरे सुपौल जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि उन्हें बेहतर सुविधाएं और निरंतर अवसर मिलते रहे तो वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
अंकिता और शुक्राना की सफलता उन ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं।
No Comment! Be the first one.