महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, धान खरीदी मॉडल की सराहना

NEWS SAGA DESK

रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था, किसानों के हित में संचालित योजनाओं, कृषि सुधारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां बड़ी आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को बस्तर की आदिवासी कला एवं संस्कृति के प्रतीक बस्तर आर्ट का स्मृति-चिन्ह भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष में लगभग 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है, जो देश के सबसे बड़े धान खरीदी अभियानों में शामिल है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में करीब 2700 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से धान की खरीद की जाती है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पंजीयन से लेकर तौल, परिवहन और भुगतान तक की प्रक्रिया को तकनीक आधारित और सरल बनाया गया है। समयबद्ध भुगतान के साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना सहित किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

बैठक के दौरान महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के चार जिलों में बड़ी संख्या में किसान धान की खेती करते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था, किसानों को मिलने वाले समर्थन और प्रशासनिक प्रबंधन को प्रभावी एवं अनुकरणीय बताया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि छत्तीसगढ़ का धान खरीदी मॉडल किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का सफल उदाहरण है। उन्होंने इस मॉडल के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर महाराष्ट्र के धान उत्पादक क्षेत्रों में भी ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्यों के बीच सफल अनुभवों और मॉडलों का आदान-प्रदान कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से राज्यों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और उन्हें स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महाराष्ट्र के विधायक डॉ. परिणय फुके, विनोद अग्रवाल, राजू कारेमोरे और संजय पुराम, छत्तीसगढ़ मार्कफेड के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More News

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार, प्रदेश प्रभारी के राजू ने राजद और माले पर लगाया धोखे का आरोप

झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव...

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम...

Read More