NEWS SAGA DESK
धनबाद के भगतडीह में अचानक भू-धंसान से करीब सात मकान प्रभावित हुए। हैवी ब्लास्टिंग के आरोपों के बीच मेयर ने BCCL को चेतावनी दी और सुरक्षित पुनर्वास का आश्वासन दिया।
धनबाद: झरिया के बस्ताकोला एरिया-9 के भगतडीह इलाके में शनिवार को अचानक जमीन धंसने और खिसकने की घटना से हड़कंप मच गया। पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद आसपास के कई मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

सुरक्षा को देखते हुए कुछ परिवार अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके के आसपास हो रही हैवी ब्लास्टिंग के बाद तेज आवाज और जमीन में कंपन महसूस हुआ था। इसके बाद जमीन के एक हिस्से में अचानक हलचल शुरू हुई और भू-धंसान हो गया।
करीब सात मकान प्रभावित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भू-धंसान की घटना से करीब सात घर प्रभावित हुए हैं। कई मकानों की दीवारों में बड़ी दरारें आने के बाद लोगों में भय का माहौल है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और BCCL से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने, सुरक्षित पुनर्वास और मकानों को हुए नुकसान का उचित आकलन कराने की मांग की है।
सड़क जाम कर लोगों ने जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही बस्ताकोला एरिया के महाप्रबंधक एसके गायकवाड़ और धनबाद के मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे। प्रभावित रैयतों ने सड़क जाम कर विरोध जताया और सुरक्षित पुनर्वास की मांग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
इसे भी देखें:-JSSC CGL और CDPO नियुक्ति रद्द करने पर हाईकोर्ट की रोक | सरकार को झटका? अगली सुनवाई 15 सितंबर
मौके पर मेयर ने कहा कि किसी भी परिवार को खतरे वाले मकान में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त मकानों में रह रहे परिवारों को BCCL के सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
No Comment! Be the first one.