News Saga Desk
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को सेक्टर-2 स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। भगवंत मान सरकार के प्रभावशाली मंत्रियों में शामिल अरोड़ा पर कथित फर्जी जीएसटी लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ईडी ने संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनी से जुड़े दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के पांच परिसरों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड और उससे जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की गई।
क्या है पूरा मामला?
ईडी सूत्रों के अनुसार, जांच में कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी लेनदेन और निर्यात से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आरोप है कि अरोड़ा की कंपनी के जरिए मोबाइल फोन की फर्जी खरीद दिखाई गई और बाद में निर्यात के माध्यम से अवैध धन को दुबई से भारत वापस लाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि दिल्ली की कई फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों से फर्जी जीएसटी खरीद बिल तैयार किए गए। इन बिलों के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट, जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक जैसे सरकारी लाभ हासिल किए गए, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।
भगवंत मान ने साधा भाजपा और ईडी पर निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईडी की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा-
- आज एक बार फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है। एक साल में यह तीसरी बार है और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।”
भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीद भगत सिंह की धरती है, जो किसी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
संजीव अरोड़ा लंबे समय से एक्सपोर्ट, रियल एस्टेट और फैशन कारोबार से जुड़े रहे हैं। उनके परिवार का व्यवसाय वस्त्र उद्योग से शुरू हुआ था, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाते हुए कई क्षेत्रों तक विस्तार दिया।
1986 में व्यापार शुरू करने वाले अरोड़ा ने अमेरिका के वर्जीनिया में अपना पहला एक्सपोर्ट ऑफिस खोला था। उन्होंने लुधियाना में आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किया और 2019 में सुजुकी मोटर्स के गुजरात प्लांट के साथ साझेदारी भी की।
उनकी कंपनी फेमेला फैशन लिमिटेड महिलाओं के परिधानों के क्षेत्र में एक प्रसिद्ध ब्रांड रही है। इसके अलावा उन्होंने लौह धातु और विनिर्माण क्षेत्र में भी कारोबार बढ़ाया और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत निवेश किया।
लगातार बढ़ रही है आम आदमी पार्टी की मुश्किलें
पंजाब में पिछले कुछ समय से ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों द्वारा आम आदमी पार्टी से जुड़े नेताओं और कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी ने पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
No Comment! Be the first one.