सोना खरीदने से पहले रहें सतर्क: CAG रिपोर्ट में खुलासा, 81% ज्वेलरी दुकानों की 5 साल से जांच नहीं

NEWS SAGA DESK

Gold Hallmarking Alert: CAG रिपोर्ट के अनुसार देश की 81% ज्वैलरी दुकानों की जांच नहीं हुई है। HUID नकल के खतरे के बीच सोना खरीदते वक्त किन 5 बातों का रखें ध्यान, जानें यहाँ।

क्या आप भी सिर्फ ‘हॉलमार्क’ का निशान देखकर आंख मूंदकर सोना खरीद लेते हैं? अगर हाँ, तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की एक ड्राफ्ट ऑडिट रिपोर्ट में ज्वैलरी बाजार की निगरानी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच सालों में देश की 81 फीसदी से ज्यादा ज्वैलरी दुकानों का भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने एक बार भी निरीक्षण नहीं किया है। यानी आपकी गाढ़ी कमाई से खरीदा जा रहा सोना कितना खरा है, इसकी सरकारी जांच में बहुत बड़ी चूक सामने आई है।

CAG की रिपोर्ट में क्या खामियाँ पकड़ी गईं?

नियमों के अनुसार, BIS या हॉलमार्किंग सेंटरों को साल में कम से कम एक बार लाइसेंस धारक सुनारों की दुकान पर जाकर जांच करनी होती है। लेकिन देश के 392 जिलों में फैले 1,565 हॉलमार्किंग सेंटर और 2.32 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वैलर्स होने के बावजूद, 81% से अधिक दुकानों पर कोई इंस्पेक्शन नहीं हुआ।

जब इस भारी लापरवाही पर सवाल उठाया गया, तो BIS ने कर्मचारियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी का हवाला दिया, जिसे CAG ने सिरे से खारिज कर दिया है। इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी लापरवाही के कारण 6 अंकों के यूनिक HUID कोड की डुप्लीकेसी (नकल) का खतरा भी बढ़ गया है।

सोना खरीदते वक्त ठगी से बचने के लिए रखें इन 5 बातों का ध्यान

जब तक सरकारी निगरानी का दायरा पूरी तरह मजबूत नहीं होता, आपकी अपनी सतर्कता ही आपकी गाढ़ी कमाई को सुरक्षित रख सकती है। सोना या ज्वैलरी खरीदते समय इन 5 अहम बातों का खास ख्याल रखें:

  1. भरोसेमंद और रजिस्टर्ड ज्वैलर चुनें: हमेशा जाने-माने, प्रतिष्ठित और BIS रजिस्टर्ड ज्वैलर से ही सोना खरीदें।
  2. तीन जरूरी निशान जरूर देखें: गहने पर BIS का आधिकारिक लोगो, सोने की शुद्धता (जैसे- 916 शुद्धता के लिए 22K) और 6 अंकों का यूनीक HUID नंबर जरूर चेक करें।
  3. BIS Care ऐप पर खुद जांचें: दुकानदार से गहने का 6 अंकों का HUID नंबर पूछें और सरकारी ‘BIS Care’ मोबाइल ऐप पर डालकर उस गहने की शुद्धता, डिजाइन और रजिस्ट्रेशन की पूरी डिटेल खुद क्रॉस-चेक करें।
  4. पक्का और विस्तृत बिल लें: दुकानदार से हमेशा पक्का बिल लें। बिल में HUID नंबर, सोने की शुद्धता, मेकिंग चार्ज और अगर गहने में कोई रत्न या स्टोन जड़ा है, तो बिना स्टोन के सोने का शुद्ध वजन (Net Weight) अलग से जरूर लिखवाएं।
  5. शक होने पर परीक्षण कराएं: अपना बिल हमेशा संभाल कर सुरक्षित रखें। यदि आपको सोने की शुद्धता पर जरा भी संदेह है, तो आप BIS से मान्यता प्राप्त किसी भी हॉलमार्किंग सेंटर पर उसकी जांच करवा सकते हैं। गड़बड़ी पाए जाने पर आप दुकानदार के खिलाफ वैध शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गिरिडीह महानगर के सभी 16 मंडलों में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन

गिरिडीह। निशा भगत की मौत के मामले में न्याय की मांग एवं झारखंड में लगातार बढ़ते जमीन माफियाओं के...

November 7, 2026

Read More News

दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन की योजना, बिहार के पांच जिलों को मिल सकती है हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी

दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रस्तावित योजना में बिहार के बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया...

Read More