News Saga Desk
बोकारो (चास): राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज जिला रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चास, बोकारो में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने और अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने कहा कि स्कूल के नाम में ही ‘एक्सीलेंस’ अर्थात उत्कृष्टता निहित है, इसलिए विद्यार्थियों का लक्ष्य भी हर हाल में उत्कृष्टता प्राप्त करना होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को समय का महत्व समझने, नियमित अभ्यास करने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

आत्मविश्वास, परिश्रम और बड़े सपनों की प्रेरणा
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “सपने वे नहीं हैं जो नींद में देखे जाते हैं, बल्कि सपने वे हैं जो उन्हें पूरा किए बिना नींद नहीं आती।” उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने तथा अध्ययन और आत्म-विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
राज्यपाल ने अपने संघर्षशील जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दो वर्ष की आयु में उनके पिता का देहांत हो गया और वे ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। इसके बावजूद दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की।
शिक्षा और राष्ट्र का विकास
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का मूल आधार उसकी शिक्षा है। उन्होंने बताया कि राज्य में बारहवीं तक की शिक्षा की स्थिति तो बेहतर है, लेकिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के त्याग को याद रखने और शिक्षकों का सम्मान करने का आग्रह किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रम छात्रों को तनावमुक्त होकर पढ़ाई करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं।
समस्याओं के समाधान के लिए खुला मंच
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या या सुझाव हो तो वे उन्हें पत्र लिखकर अवगत करा सकते हैं। यह संवाद विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
No Comment! Be the first one.