News Saga Desk
हजारीबाग। हजारीबाग शहर में बीते कुछ समय से नशे और ड्रग्स के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताते हुए हजारीबाग के सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने युवाओं में फैल रहे नशे की प्रवृत्ति और बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि पिछले एक महीने से हजारीबाग में अफीम, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी और खपत तेजी से बढ़ी है। इसका सीधा असर युवाओं पर पड़ रहा है, जिससे स्नैचिंग, चोरी, और अन्य अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने एसपी से अनुरोध किया कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए।
उन्होंने द फॉलोअप से बातचीत में कहा, “हमने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जो युवक समाज में गलत दिशा में जा रहे हैं, उन पर निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए। समाज में नशे के खिलाफ एकजुटता जरूरी है, तभी हम अपने युवाओं का भविष्य सुरक्षित रख पाएंगे।” उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ड्रग्स छोड़ो, ज़िंदगी जोड़ो’ अभियान की भी सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर मजबूती से लागू करने की जरूरत है।
No Comment! Be the first one.