News Saga Desk
सरायकेला। सरायकेला जिले के आदित्यपुर टोल प्लाजा पर उस समय हड़कंप मच गया जब टोल पर तैनात सुरक्षा प्रभारी पापुंजय कुमार पर एक कार सवार और उसके साथियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पापुंजय कुमार उस समय ड्यूटी पर तैनात थे जब एक वाहन (नंबर JH05Z-5828) वीआईपी लेन से गुजरने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा प्रभारी ने वाहन को रोकते हुए टोल शुल्क चुकाने और पहचान पत्र दिखाने का अनुरोध किया। इस पर कार सवार लोग उग्र हो गए और पहले टोल गार्ड से धक्का-मुक्की की। इसके पश्चात उन्होंने पापुंजय कुमार पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।
हमले में पापुंजय के सिर, पीठ और छाती पर गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि हमले के दौरान बेसबॉल बैट तक टूट गया, बावजूद इसके हमलावर रुके नहीं। वे टोल ऑफिस तक पापुंजय का पीछा करते हुए अंदर घुसे और वहां भी मारपीट तथा तोड़फोड़ की। पीड़ित के कपड़े भी फाड़ दिए गए। घटना के बाद घायल पापुंजय कुमार ने बताया कि यह उनके जीवन की पहली ऐसी घटना है जिससे वे मानसिक और शारीरिक रूप से आहत हैं। उन्होंने कहा कि अब वे ड्यूटी पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में टोल प्लाजा प्रबंधक हिमांशु प्रसून सिंह ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पूरी घटना टोल प्लाजा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। आदित्यपुर थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच प्रारंभ कर दी गई है। वाहन संख्या JH05Z-5828 के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है तथा हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है।
No Comment! Be the first one.