News saga Desk
रांची। पूर्व सांसद कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत जानने के लिए आज झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। इरफान अंसारी ने लिखा, “आज मेडिका अस्पताल में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद आदरणीय श्री कड़िया मुंडा जी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनकी स्थिति अब नियंत्रण में है और उम्मीद है कि वे शीघ्र स्वस्थ होकर डिस्चार्ज होंगे। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बुधवार को अस्पताल पहुंचे थे और कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया था। पूर्व सांसद को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। उनकी देखरेख मेडिका के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय मिश्रा की अगुवाई में एक विशेषज्ञ टीम कर रही है। स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक जांचें भी की गई हैं।
No Comment! Be the first one.