NEWS SAGA DESK
HEC आर्थिक संकट के बीच 19 अगस्त को छह सदस्यीय संसदीय कमेटी रांची पहुंचेगी। टीम 20 अगस्त को तीनों प्लांट का निरीक्षण कर कंपनी की स्थिति और समाधान पर चर्चा करेगी।
रांची: आर्थिक संकट से जूझ रहे हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) को पटरी पर लाने की कोशिशें अब तेज होती दिख रही हैं। कंपनी की मौजूदा स्थिति, उत्पादन व्यवस्था और भविष्य की संभावनाओं का जायजा लेने के लिए केंद्रीय संसदीय कमेटी 19 अगस्त को रांची पहुंचेगी। छह सदस्यीय यह टीम तीन दिनों तक राजधानी में रहेगी।

कमेटी का प्रमुख दौरा 20 अगस्त को होगा। इस दौरान सदस्य HEC के तीनों प्रमुख प्लांट का निरीक्षण करेंगे और वहां की वास्तविक स्थिति को करीब से समझेंगे। टीम प्लांट में चल रहे काम, मशीनों की स्थिति, उत्पादन क्षमता और लंबे समय से बनी समस्याओं की जानकारी लेगी।
सांसद तिरुचि शिवा के नेतृत्व में रांची पहुंच रही छह सदस्यीय टीम में सांसद हंसमुख भाई पटेल सहित अन्य सांसद शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान HEC के CMD केएस मूर्ति के साथ कंपनी के सभी निदेशक भी मौजूद रहेंगे।
इसे भी देखें:-Ranchi में Brown Sugar की तस्करी करते महिला गिरफ्तार, ₹20 हजार कैश बरामद | Ranchi Police
दौरे के दौरान केवल प्लांट की स्थिति का जायजा ही नहीं लिया जाएगा, बल्कि HEC को मौजूदा आर्थिक संकट से बाहर निकालने के संभावित रास्तों पर भी चर्चा होगी। इसी में कमेटी की झारखंड सरकार के सचिव के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में HEC की आर्थिक स्थिति, उत्पादन व्यवस्था, लंबित समस्याओं और कंपनी को दोबारा मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदमों पर मंथन होने की उम्मीद है। संसदीय कमेटी के इस दौरे को HEC के भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.