NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली:- भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय व्यापारिक सहयोग को नई गति देने के उद्देश्य से ‘कनाडा-भारत व्यापार एवं निवेश मंच’ की शुरुआत की है। इसका मकसद दोनों देशों के व्यवसायों को एक साझा मंच पर लाकर व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की 25 से 27 मई तक हुई तीन दिवसीय कनाडा यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार, कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू ने भारत-कनाडा व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने आर्थिक विकास को गति देने और कारोबार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने एक महत्वाकांक्षी और परस्पर लाभकारी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। साथ ही इस वर्ष के अंत तक वार्ता पूरी करने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की गई।
भारत और कनाडा ने लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने, व्यापारिक सुगमता सुधारने और प्रत्यक्ष वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर भी सहमति जताई। दोनों देशों का मानना है कि व्यापार और निवेश विस्तार के लिए ये महत्वपूर्ण कारक हैं।
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू ने यह भी पुष्टि की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का प्रतिनिधिमंडल भारत भेजेगा।
उल्लेखनीय है कि पीयूष गोयल के नेतृत्व में 150 से अधिक सदस्यों का भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल 25 से 27 मई के दौरान कनाडा दौरे पर गया था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कई प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकें कीं तथा दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
No Comment! Be the first one.