NEWS SAGA DESK
झामुमो की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक 20 अगस्त को रांची के सोहराई भवन में होगी। राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक पुनर्गठन और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक 20 अगस्त को रांची स्थित सोहराई भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इसमें पार्टी के केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और सदस्य समेत विभिन्न स्तर के संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
झामुमो केंद्रीय समिति बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों के अलावा सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक, प्रमुख, महानगर अध्यक्ष और महानगर सचिव को बुलाया गया है।
इसे भी देखें:-Jharkhand: देवेंद्रनाथ महतो को वापस धरनास्थल पर चाहते है छात्र, अस्पताल से डिस्चार्ज की कर रहे मांग
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को पत्र जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों और सदस्यों से बैठक में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है। पार्टी की ओर से बैठक को संगठन और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
झारखंड विरोधी विधेयक पर होगी चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की ओर से पारित किए गए कथित झारखंड विरोधी विधेयक से उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी इस मुद्दे को लेकर पहले भी केंद्र सरकार पर निशाना साधती रही है।
ऐसे में झामुमो बैठक 20 अगस्त में इस मुद्दे पर पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। बैठक में राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की राजनीतिक स्थिति को और स्पष्ट करने पर भी चर्चा हो सकती है।
केंद्रीय समिति की बैठक का एक प्रमुख एजेंडा संगठनात्मक पुनर्गठन भी है। बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन के पुनर्गठन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
No Comment! Be the first one.