पलामू में मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में झामुमो का धरना, केंद्र सरकार पर लगाए मजदूर विरोधी फैसले के आरोप

News Saga Desk

पलामू: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में शहर के कचहरी परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस धरने का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने किया, जिसमें झामुमो के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर “विकसित भारत जी राम जी” कर दिया है, जिसका झामुमो राज्यभर में विरोध कर रही है। इसी कड़ी में पलामू में भी पार्टी ने विरोध दर्ज कराया और इस फैसले को मजदूरों के अधिकारों के खिलाफ बताया।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मनरेगा योजना का नाम बदलना मजदूरों के हितों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार योजना की पहचान बदल रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण मजदूरों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे बेरोजगारी बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार मनरेगा का नाम पूर्ववत बहाल नहीं करती है, तो झामुमो का आंदोलन और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष सन्नु सिद्दकी, संजीव तिवारी, सुनील तिवारी, रंजन चंद्रवंशी, मुन्ना सिन्हा, रामनाथ चंद्रवंशी, दीपू चौरसिया, सुशीला मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के फैसले का विरोध किया और मनरेगा के मूल स्वरूप को बनाए रखने की मांग की।

Read More News

Read More