News Saga Desk
झारखंड की उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। संताल परगना प्रमंडल के दूरदराज के इलाकों से भारी संख्या में समर्थक पारंपरिक ढोल-नगाड़े और तीर-धनुष लेकर रैली में पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सह जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन शिबू सोरेन को याद कर कुछ क्षणों के लिए भावुक हो गए।

हेमंत सोरेन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
स्थापना दिवस समारोह में हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु के नेतृत्व में आम जनता की एकजुटता और लंबे संघर्ष की बदौलत वर्षों से शोषित वंचित लोगों को उनका हक और अधिकार मिला। उन्होंने कहा, “यह एकजुटता ही इस राज्य की ताकत है और इसे कभी कमजोर नहीं होने देना चाहिए। हमें गर्व है कि दिशोम गुरु ने हमें जो राह दिखाई, उस पर हम खड़े हैं।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वतंत्रता पूर्व हमारे पूर्वज गोली और लाठी-डंडे झेलने को मजबूर थे, लेकिन अब झारखंड का युवा विदेश में उच्च शिक्षा ले रहा है और वैश्विक मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
केंद्र सरकार पर कटाक्ष, खनिज संपदा पर नाराजगी
हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के हाल के बजट पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि देश की 42 प्रतिशत खनिज संपदा झारखंड में है, लेकिन बजट में इस राज्य का नाम तक नहीं लिया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब किसी अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी और अपने हक के लिए जमीन पर संघर्ष के साथ-साथ कानून का भी सहारा लेगी।
मुख्यमंत्री ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए असम के चाय बगानों में 150 वर्षों से काम कर रहे आदिवासियों की दयनीय स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि वहां के आदिवासियों को उनका हक दिलाने में हर संभव मदद की जाएगी।
बसंत सोरेन की अगुवाई में रैली
इससे पहले विधायक बसंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित रैली में दुमका सांसद नलिन सोरेन, राजमहल सांसद विजय हांसदा, मंत्री सुदिव्य सोनू, हफीजुल हसन, दीपक विरूआ, योगेंद्र प्रसाद, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, हेमलाल मुर्मू, डॉ. लुईस मरांडी, आलोक सोरेन, उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह और मो. एम टी राजा समेत कई प्रमुख नेताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन किया। रैली में आदिवासी और स्थानीय जनता को एकजुट रहने और शिबू सोरेन के आदर्शों को साकार करने का संदेश दिया गया।

No Comment! Be the first one.