JSSC CGL: हाईकोर्ट के फैसले से चयनित अभ्यर्थियों में लौटी खुशी

NEWS SAGA DESK

JSSC CGL चयनित अभ्यर्थियों को झारखंड हाईकोर्ट के फैसले से राहत मिली। चार दिनों के प्रदर्शन के बाद अभ्यर्थियों ने जश्न मनाकर न्यायपालिका का आभार जताया।

JSSC CGL Exam: झारखंड हाईकोर्ट के अहम फैसले के बाद JSSC CGL से चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर एक बार फिर खुशी लौट आई। सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से प्रोजेक्ट भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने अदालत के आदेश के बाद जमकर जश्न मनाया। कई अभ्यर्थी भावुक नजर आए और उन्होंने जमीन को चूमकर अपनी खुशी जाहिर की। एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और इसे वर्षों की मेहनत की जीत बताया।

झारखंड हाईकोर्ट

अदालत के फैसले के बाद प्रदर्शन स्थल पर काफी देर तक उत्साह का माहौल बना रहा। अभ्यर्थियों ने एकजुट होकर राष्ट्रगान गाया और न्यायपालिका के प्रति आभार जताया। लंबे समय से नौकरी और सेवा सुरक्षा को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच हाईकोर्ट के आदेश को उन्होंने बड़ी राहत के तौर पर देखा।

राष्ट्रगान गाकर जताया न्यायपालिका का आभार

हाईकोर्ट के फैसले की जानकारी मिलने के बाद प्रदर्शन कर रहे चयनित अभ्यर्थियों ने सचिवालय के मुख्य द्वार के सामने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद वहां मौजूद अभ्यर्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी मनाई।

कई दिनों से सड़क पर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के चेहरों पर इस दौरान राहत और उम्मीद दिखाई दी। उनका कहना था कि अदालत के फैसले ने उन्हें अपने भविष्य को लेकर फिर से आश्वस्त होने का अवसर दिया है।

वर्षों की मेहनत को मिला न्याय

JSSC CGL Exam के चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए वर्षों तक मेहनत की। उनका चयन मेरिट के आधार पर हुआ और वे अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। ऐसे में नौकरी और सेवा सुरक्षा को लेकर अचानक पैदा हुई अनिश्चितता ने उनके सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया था।

अभ्यर्थियों का कहना है कि हाईकोर्ट के फैसले से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे मेहनत और सत्य की जीत बताते हुए कहा कि अब उनके भविष्य को लेकर उम्मीद मजबूत हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी उम्मीद जताई कि आगे उनके अधिकारों और सेवा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाएंगे।

22 परीक्षाएं रद्द होने के बाद शुरू हुआ आंदोलन

यह पूरा विवाद राज्य सरकार की ओर से 18 अगस्त की देर रात जारी अधिसूचना के बाद सामने आया था। सरकार ने 22 परीक्षाओं को रद्द करने, छह परीक्षाओं को स्थगित करने और 17 परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच कराने का निर्णय लिया था।

इस फैसले के बाद JSSC CGL से चयनित अभ्यर्थियों में भी अपनी नियुक्ति और सेवा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। इसके विरोध में अभ्यर्थियों ने प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार के सामने आंदोलन शुरू कर दिया।

चार दिनों तक चले प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार से उनकी नियुक्तियों और सेवाओं को सुरक्षित रखने की मांग की। इसी बीच हाईकोर्ट के फैसले ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों को राहत दी।

Read More News

Read More