News Saga Desk
राजधानी रांची में क्षत्रिय गौरव मंच की ओर से संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने मंच की नई कार्यसमिति के गठन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत बनाने और क्षत्रिय समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से नई टीम का गठन किया गया है। संवाददाता सम्मेलन में क्षत्रिय गौरव मंच की नई कार्यसमिति के तहत 25 पदाधिकारियों, 52 कार्यसमिति सदस्यों और 27 जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई।
प्रवीण सिंह ने बताया कि आगामी 5 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में झारखंड में क्षत्रिय समाज की सामाजिक और भौगोलिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही समाज का सामाजिक उत्थान कैसे किया जाए और संगठन को किस तरह मजबूत बनाया जाए, इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
क्षत्रिय गौरव मंच के अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज को एक मंच पर एकजुट करना है। इसके लिए मंच को पंचायत स्तर तक विस्तार देने की योजना बनाई गई है। संगठन समाज के लोगों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को उठाने के लिए सक्रिय रूप से काम करेगा।
प्रवीण सिंह ने यह भी कहा कि क्षत्रिय समाज में मौजूद सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए संगठन मुखरता से काम करेगा। समाज में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में पहल की जाएगी।
No Comment! Be the first one.