News Saga Desk
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने शनिवार को लगी चोट के बाद रविवार को अपनी स्थिति को लेकर अपडेट जारी किया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के तहत दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान उन्हें सिर और गर्दन में गंभीर चोट लग गई थी।
इंस्टाग्राम पर दिया हेल्थ अपडेट
घटना के बाद एनगिडी को तुरंत दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद रात में ही उन्हें छुट्टी दे दी गई। रविवार को एनगिडी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को अपडेट देते हुए लिखा, “संदेशों के लिए धन्यवाद, सब ठीक है।”
कैसे लगी चोट?
यह हादसा तब हुआ जब प्रियांश आर्य ने अक्षर पटेल की गेंद पर ड्राइव शॉट खेलने की कोशिश की। मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे हटे, लेकिन गेंद का सही अंदाजा नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने से पीठ के बल गिर पड़े। गिरते समय उनका सिर जोर से जमीन से टकराया और गर्दन मुड़ गई, जिससे मैदान पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया।
मैदान पर मची हलचल
घटना के तुरंत बाद फिजियो और मेडिकल टीम मैदान पर पहुंची और मैच को करीब 15-20 मिनट तक रोकना पड़ा। करीब पांच मिनट तक स्थिर रहने के बाद एनगिडी ने हल्की प्रतिक्रिया दी, जिससे राहत की सांस ली गई। इस दौरान रिकी पोंटिंग भी मैदान पर पहुंचे और खिलाड़ी का हालचाल जाना। वहीं दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर काफी चिंतित नजर आए।
हालत स्थिर, खतरे से बाहर
एनगिडी को गले में नेक ब्रेस लगाकर एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। बाद में आईपीएल के आधिकारिक अपडेट में बताया गया कि उन्हें सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत थी, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। राहत की बात यह रही कि कुछ ही घंटों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को कुछ समय के लिए झकझोर दिया, हालांकि अब एनगिडी के सुरक्षित होने की खबर से सभी ने राहत की सांस ली है।
No Comment! Be the first one.