News Saga Desk
सारण रेलवे सुरक्षा बल की सीपीडीएस टीम, सीआईबी और रेसुब पोस्ट छपरा जंक्शन को नशाखोरी व तस्करी के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छपरा जंक्शन पर गाड़ी संख्या 05096 के आगमन के दौरान सघन चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को महिला कोच में संदिग्ध सामान दिखाई दिया। तलाशी लेने पर कोच में लावारिस हालत में रखे गए बैग और पैकेटों से कुल 24 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जांच के दौरान शराब के मालिक का पता नहीं चल सका और कोई भी व्यक्ति सामान पर दावा करने के लिए सामने नहीं आया।
रेलवे पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि शराब तस्कर सुरक्षा एजेंसियों की निगाह से बचने के लिए महिला कोच का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि जांच अभियान के कारण उनकी योजना विफल हो गई।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध यात्रियों और लावारिस सामानों की लगातार जांच की जा रही है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार में शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात अधिकारियों ने कही है।
No Comment! Be the first one.