रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कावेरी रेस्टोरेंट में मिला कॉकरोच, कुप्पूस्वामी में मिलावट पनीर

त्योहारों के दौरान बाजारों में मिठाइयों और दूसरे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है।

NEWS SAGA DESK

त्योहारों के दौरान बाजारों में मिठाइयों और दूसरे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और सड़क किनारे खाने-पीने की चीजें बेचने वाले ठेले-खोमचों की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। विभाग की टीम ने खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के साथ संबंधित दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया।

कावेरी रेस्टोरेंट में मिले कॉकरोच, एक्सपायरी मिठाई नष्ट

कांके रोड स्थित चांदनी चौक के पास कावेरी रेस्टोरेंट की जांच के दौरान परिसर में कॉकरोच पाए गए। टीम को यहां एक्सपायरी मिठाई भी मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही, रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी कर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।

कुप्पूस्वामी के किचेन में 15 किलो पनीर नष्ट

कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन में भी जांच के दौरान गड़बड़ियां सामने आईं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां साफ-सफाई की कमी पाई गई और पनीर में स्टार्च की मिलावट मिलने की बात सामने आई। इसके बाद करीब 15 किलो पनीर नष्ट कराया गया। जांच के दौरान एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें भी मिलीं, जिन्हें नष्ट कर दिया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

छोले में मिला हानिकारक रंग, 10 किलो सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऑक्सीजन पार्क के आसपास लगने वाले ठेले-खोमचों और चाट-पिज्जा की दुकानों की भी जांच की। इस अभियान में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की मदद से खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान छोले में हानिकारक रंग मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद करीब 10 किलो छोले नष्ट करा दिए गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना और लोगों को असुरक्षित भोजन से बचाना है।

दुकानदारों को साफ-सफाई के निर्देश

जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और पवन कुमार की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों और रसोई में स्वच्छता बनाए रखने तथा भोजन तैयार करते समय दस्ताने, एप्रन और टोपी का इस्तेमाल करने की हिदायत दी। इसके अलावा, खाने-पीने की चीजों को अखबार में लपेटकर या अखबार पर रखकर बेचने से भी मना किया गया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई से जुड़े नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

त्योहारों में जारी रहेगा जांच अभियान

त्योहारों के दौरान बाजारों में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच अभियान के जरिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण पर नजर रखी जा रही है।

Read More News

रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कावेरी रेस्टोरेंट में मिला कॉकरोच, कुप्पूस्वामी में मिलावट पनीर

त्योहारों के दौरान बाजारों में मिठाइयों और दूसरे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच लोगों...

मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में हेमंत सोरेन ने निभाई पारंपरिक रस्में, नेमरा में दी श्रद्धांजलि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सातवें...

Read More