News Saga Desk
गोड्डा। गोड्डा जिले में लगातार हो रही चार पहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया था। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित इस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना और कोडरमा पुलिस एवं उसकी तकनीकी शाखा के सहयोग से अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। टीम द्वारा झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में छापेमारी की गई। इस दौरान वाहन चोरी में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने तीन दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब तक कुल पांच चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी की गई अन्य गाड़ियों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी–
अजय कुमार चौधरी (उम्र 33 वर्ष)
जितु श्रीवास्तव (उम्र 32 वर्ष)
संतोष कुमार (उम्र 30 वर्ष)
साजन कुमार (उम्र 31 वर्ष)
चन्द्रशेखर कुमार ठाकुर
बरामद सामग्री–
महिंद्रा कंपनी की दो सफेद रंग की पीक-अप गाड़ियाँ (एक का रजिस्ट्रेशन नं. BR24GC-7279)
एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो
एक टाटा पंच कार (रजिस्ट्रेशन नं. JH01FP-0233)
एक हुंडई कंपनी की बिना नंबर प्लेट वाली ओरा कार
चोरी में उपयोग किए गए औजार
कई गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज एवं रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की गई गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर को पंच कर बदल देते थे। बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को ग्राहकों को बेच दिया जाता था।
No Comment! Be the first one.