राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर दौरे पर, स्पेशल फोर्स संभालेगी सुरक्षा व्यवस्था

News Saga Desk

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को झारखंड के दौरे पर रहेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से सेना के तीन हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर स्थित सोनारी हवाई अड्डा आएंगी। सोनारी एयरपोर्ट पर सुबह करीब 10:20 बजे उनके पहुंचने की संभावना है, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

इसके बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान जाएंगी। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एनआईटी परिसर पहुंचेंगी, जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला जमशेदपुर दौरा होगा।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार से ही स्पेशल फोर्स करनडीह स्थित जाहेरथान और एनआईटी परिसर में सुरक्षा की कमान संभाल लेगी। स्पेशल फोर्स की अनुमति के बिना न तो किसी को प्रवेश मिलेगा और न ही कोई कार्य किया जा सकेगा। दोनों स्थानों पर जवानों की तैनाती कर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति करनडीह स्थित जाहेरथान में पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में पूजा-अर्चना करेंगी और ओलचिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। इस मौके पर देश-विदेश से आए विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में संताली भाषा में भी संबोधन कर सकती हैं।

ओलचिकी लिपि के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह को भव्य बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सजावट और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं, इस आयोजन में शामिल होने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक दिन पहले ही जमशेदपुर पहुंचेंगे। समारोह में देश-विदेश से करीब 100 विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

Read More News

Read More