News Saga Desk
चाईबासा। चाईबासा कांग्रेस नेता और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह 11 बजे चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे। राहुल गांधी मंगलवार से झारखंड में हैं। मंगलवार को उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था। आज वे हेलिकॉप्टर से चाईबासा पहुंचेंगे। टाटा कॉलेज के मैदान में हेलीपेड तैयार किया गया है, जहां उनका हेलिकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद वे सीधे कोर्ट जाएंगे। झारखंड हाईकोर्ट ने उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। यह मामला 2018 का है, जब राहुल गांधी ने चाईबासा में चुनावी रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की सुनवाई विशेष एमपी-एमएलए अदालत में हो रही है।
राहुल गांधी ने 2 जून को विशेष अदालत के समन को चुनौती देते हुए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने उन्हें 26 जून को अदालत में पेश होने का आदेश दिया, लेकिन उनके वकील ने अदालत को बताया कि वह उस दिन उपस्थित नहीं हो सकेंगे। इसके बाद उन्होंने अदालत से 6 जून के बाद कोई नई तारीख तय करने का अनुरोध किया। अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए अब 6 अगस्त को पेश होने का अंतिम मौका दिया है।
इस मामले में सुनवाई लंबे समय से चल रही है। 20 फरवरी 2020 को झारखंड हाईकोर्ट ने आदेश दिया था। इसके बाद चाईबासा की एमपी-एमएलए कोर्ट से यह केस रांची के एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में ट्रांसफर किया गया। स्पेशल कोर्ट ने राहुल गांधी को समन भेजा था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने जमानती वारंट जारी किया। राहुल गांधी के वकील ने झारखंड हाईकोर्ट में इस वारंट को रोकने की अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।
No Comment! Be the first one.