रांची नगर निगम के सफाई मजदूरों को श्रम कानूनों का लाभ मिले: भवन सिंह

NEWS SAGA DESK

रांची नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के लिए श्रम कानूनों का पालन कराने की मांग उठी है। भवन सिंह ने श्रमायुक्त से कार्रवाई की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी।

रांची नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के अधिकारों और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर झारखंड सीटू ने आवाज उठाई है। झारखंड सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने श्रमायुक्त से नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के हित में श्रम कानूनों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी श्रम कानूनों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे मजदूरों को उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है।

भवन सिंह ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि रांची नगर निगम सफाई मजदूर लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और श्रम विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन वैधानिक प्रक्रिया के साथ आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।

राष्ट्रीय पर्वों पर काम के बदले लाभ नहीं मिलने का आरोप

भवन सिंह ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पर्वों के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी अवकाश का लाभ लेते हैं, लेकिन दैनिक सफाई मजदूरों से काम लिया जाता है। उनके मुताबिक, छुट्टी के दिन काम करने के बावजूद मजदूरों को न तो डबल छुट्टी का लाभ दिया जाता है और न ही अतिरिक्त भत्ता मिलता है।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में दैनिक मजदूरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाले वैधानिक लाभों में कथित तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। यूनियन ने इस व्यवस्था को बदलने और मजदूरों को उनके अधिकार देने की मांग की है।

इसे भी देखें:-JPSC-JSSC आंदोलन पर कांग्रेस का बड़ा हमला | 4 मंत्रियों ने BJP को घेरा, Rahul Gandhi पर भी बोले

Read More News

Read More