रांची के तमाड़ में एनसीबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 200 किलो गांजा बरामद हुआ। ओडिशा नंबर की पिकअप वैन से दो आरोपित गिरफ्तार किए गए।
News Saga Desk
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात संयुक्त अभियान चलाकर टीम ने करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
एनसीबी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया करीब दो क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वैन पर ओडिशा का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा था। संयुक्त टीम ने मौके से वाहन चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
एनसीबी और रांची पुलिस की टीम गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में अन्य किन लोगों की संलिप्तता है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
No Comment! Be the first one.