News Saga Desk
रांची। मांडर थाना क्षेत्र में कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से 5 फरवरी को सीयूजे के 2 छात्रों की मौत हो गयी थी। इस हादसे के बाद नाराज छात्रों ने शवों को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जो देर रात तक चला। अब इस मामले में मांडर पुलिस ने 16 नामजद छात्रों सहित 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत मांडर अंचलाधिकारी चंचला कुमारी ने की है। इसमें सड़क जाम, हंगामा, पुलिस से झड़प और पथराव के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार प्रशासन ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम रखा, जिससे करीब 10-15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एंबुलेंस और आम लोग भी इसमें फंस गए। जब पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खोलने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को भी रोक दिया। मौके पर मौजूद सीनियर पुलिस आधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों के साथ बदसलूकी की, उनके कॉलर पकड़ लिए और धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिससे खलारी डीएसपी, मांडर थाना प्रभारी, सैट के जवान और अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
No Comment! Be the first one.