NEWS SAGA DESK
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रांची में मोरहाबादी मैदान से शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हजारों लोगों ने लिया हिस्सा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को राजधानी रांची में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित इस यात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्रा मोरहाबादी मैदान से शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का अभियान : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का संदेश लेकर घर-घर, गांव-गांव और शहर-शहर पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
तिरंगा देश का गौरव : कर्मवीर सिंह
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत यह यात्रा प्रत्येक भारतीय के हृदय में तिरंगे के सम्मान को और मजबूत करने का संदेश देती है।
तिरंगा हाथ में आते ही जागता है राष्ट्र गौरव
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। हाथ में तिरंगा आते ही मन में देश के प्रति गौरव और सम्मान की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी एक साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष करते हैं, तो राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
इसे भी देखें:-JPSC विवाद पर Jairam Mahato का बड़ा बयान | CBI-ED जांच की मांग, बोले- अरबों का खेल!
उन्होंने देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय जवानों के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हजारों किलोमीटर लंबी सीमाओं पर सैनिक बेहद कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे हैं। माइनस 40 डिग्री तापमान जैसी विषम परिस्थितियों में भी जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। उनके लिए देश और भारत माता सर्वोच्च हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। आजादी के अमृत काल में देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की दिशा में प्रयास जारी रखने की जरूरत है।
No Comment! Be the first one.